वर्ष 2025… बुधवार से शुरू होने वाला ये नया साल शहर के विकास को लेकर नई उम्मीदें लेकर आ रहा है। हम बात इंफ्रास्ट्रक्चर की करें, हॉस्पिटल सेक्टर या फिर इंडस्ट्रीज सेक्टर की। इन सभी सेक्टरों में शासन एवं निजी स्तर से कई काम नए स्तर पर होने जा रहे हैं और कई ऐसे काम हैं जो पिछले कुछ वर्षों से चल रहे। वे इस साल पूरे हो जाएंगे और लोगों को उनका सीधा फायदा मिलने लगेगा। बिजली वितरण व्यवस्था में भी जीआईएस सब स्टेशन तैयार होने से बड़ा बदलाव आएगा। फूलबाग पर बन रहे इस सब स्टेशन का काम मार्च-अप्रैल तक पूरा हो जाएगा। इस सब स्टेशन से शहर में सप्लाई होने पर फॉल्ट में कमी और वोल्टेज में सुधार आएगा। एजुकेशन: नया सेंटर खुलेगा जेयू: लंबे इंतजार के बाद नए साल में स्टूडेंट सेल्फ स्टडी सेंटर शुरू होगा। इसमें 24 घंटे लाइब्रेरी में पढ़ने की सुविधा मिलेगी। यहां प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने के लिए बुक्स उपलब्ध रहेंगी।कृषि विवि: छात्रों के लिए परीक्षा भवन का लोकार्पण मार्च में होगा। इसमें 500 छात्र बैठकर एग्जाम दे सकेंगे। यह करीब 1.50 करोड़ रुपए की लागत से तैयार हुआ है। निर्माण कार्य अंतिम स्टेज पर है। स्वास्थ्य: ओपीडी का पर्चा घर बैठे ऑनलाइन बनेगा जेएएच समूह में आने वाले मरीजों को अब पर्चे के लिए कतार में लगने की जरूरत नहीं होगी। मरीज घर बैठे ही अपना पर्चा ऑनलाइन पर्चा बना सकते हैं। यह सुविधा मरीजों के लिए नए साल से शुरू कर दी जाएगी। अस्पताल में बने काउंटर पर पंजीयन नंबर बताते ही पर्ची काट कर दे दी जाएगी। सिविल अस्पताल हजीरा में आईसीयू और सीटी स्कैन मशीन की सुविधा मरीजों को मिलने लगेगी। इसका शुभारंभ 4 जनवरी को ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह करेंगे। जीडीए: यह काम भी होंगे मल्टी लेवल पार्किंग: बाड़े का ट्रैफिक होगा कंट्रोल, 4 माह में काम पूरा होने का दावा महाराज बाड़ा पर मल्टी लेवल अंडर ग्राउंड पार्किंग बनाने का काम में तेजी आ गई है। कलेक्टर रुचिका सिंह ने हाल ही में इसका निरीक्षण कर 4 माह में काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उम्मीद है कि साल 2025 में उक्त प्रोजेक्ट तैयार होने से बाड़े पर ट्रैफिक कंट्रोल होगा। इसके बनने से बाड़े आना-जाना सुगम होगा। रेलवे स्टेशन: 6 प्लेटफॉर्म बनेंगे, किसी पर भी नहीं होगी दुकान रेलवे स्टेशन पुनर्विकास का काम पर 534.70 करोड़ खर्च हो रहे हैं। लगभग 47% हो चुका है। अक्टूबर 2025 तक रेलवे स्टेशन पुनर्विकास का काम पूरा हो जाएगा। इसमें 6 प्लेटफॉर्म होंगे। जिनमें एक भी दुकान नहीं रहेगी। प्लेटफॉर्म एक से 6 तक को जोड़ने के लिए नया फुट ओवर ब्रिज बन गया है।


