युवाओं को सरकारी नौकरियां देने का मामला:पदों की भर्ती में प्रदेश में चिकित्सा विभाग अव्वल, 7 माह में 47 हजार नियुक्तियां, इनमें से 21 हजार भर्ती चिकित्सा में

युवाओं को सरकारी नौकरियां देने के मामले में भजनलाल सरकार मिशन मोड पर काम कर रही है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में अनेक पदों पर रिक्तियों का ग्राफ घटकर 11% आ गया है। विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले दिनों हुई भर्तियों के चलते असिस्टेंट रेडियोग्राफर के रिक्त पदों का ग्राफ 55.7% से घटकर 11.9 %, लैब टेक्नीशियन का 58.2 से 19.5% और एएनएम का 36.7 से घटकर 11.5% रह गया है। इससे न केवल युवाओं का सरकारी नौकरी का सपना पूरा हुआ है, बल्कि अस्पतालों को डॉक्टर एवं पैरामेडिकल स्टाफ मिलने से मरीजों की जांच व इलाज आसान हो रहा है। इसका खुलासा विभाग के आंकड़ों के एनालिसिस से हुआ है। चिकित्सा महकमा लगातार नियुक्तियों के मामले में प्रदेश में अव्वल बना हुआ है। इसके चलते ही विभाग को पिछले 7 माह में दो बार मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव का जिम्मा मिला था। नए साल में प्रस्तावित रोजगार उत्सव में भी चिकित्सा विभाग में कम्यूनिटी हैल्थ ऑफिसर के 5000 से अधिक पदों पर नियुक्तियां होने से तीसरी बार नोडल एजेन्सी बनाया जाना संभावित है। गौरतलब है कि पिछले 7 माह में करीब 47 हजार पदों पर नियुक्तियां दी गई हैं। इनमें से 21 हजार पदों पर नियुक्तियां चिकित्सा महकमे की हैं। सभी जिलों में नियुक्ति हो इसलिए पोर्टल से पदस्थापना चिकित्सा विभाग ने डेंटल टेक्नीशियन, ईसीजी टेक्नीशियन, ऑफ्थेल्मिक असिस्टेंट, लैब टेक्नीशियन, असिस्टेंट रेडियोग्राफर, एएनएम, नर्सिंग ऑफिसर, हॉस्पिटल केयर टेकर, ऑक्यूपेशनल थेरेपिस्ट, मेडिकल ऑफिसर (डेंटल) एवं मेडिकल शिक्षकों के पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूर्ण की है। फार्मासिस्ट संवर्ग के लिए भी अंतिम वरीयता सूची जल्द जारी होना संभावित है। विभाग ​भर्तियों के साथ ही इस बार पदस्थापन की प्रक्रिया भी पोर्टल से पूरी कर रहा है, ताकि सभी जिलों में समान रूप से रिक्त पदों पर अभ्यर्थियों को नियुक्त किया जा सके और पदस्थापन में पारदर्शिता बनी रहे। भर्ती के मिशन मोड पर काम कर रहा चिकित्सा विभाग : खींवसर
“युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। चिकित्सा विभाग मिशन मोड पर कार्य कर रहा है। चिकित्सक, असिस्टेंट रेडियोग्राफर, लैब टेक्नीशियन, नर्सिंग एवं अन्य करीब 21 हजार पदों पर भर्ती की प्रक्रिया पूरी की गई है। विभाग में लगभग 50 हजार पदों पर भर्ती का लक्ष्य रखकर आगे बढ़ रहे हैं। आने वाले समय में बड़ी संख्या में भर्तियां होंगी।” -गजेन्द्र सिंह खींवसर, चिकित्सा मंत्री

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *