बीसलपुर बांध ने बनाया तीसरा रिकॉर्ड:70 दिन से जारी पानी निकासी, 22 साल में आठवीं बार छलका बांध

टोंक के बीसलपुर बांध ने इस साल एक और नया इतिहास रच दिया है। बांध से लगातार 70 दिन से ज्यादा समय से पानी छोड़ा जा रहा है और यह सिलसिला अभी भी जारी है। संभावना जताई जा रही है कि अगले 10 दिन तक भी गेट बंद नहीं होंगे। बीसलपुर बांध के 22 साल के जीवन में यह तीसरा बड़ा रिकॉर्ड है। तीसरा रिकॉर्ड बना बीसलपुर बांध परियोजना के XEN मनीष बंसल और JEN दिनेश बैरवा ने बताया – इस साल 24 जुलाई को बांध का एक गेट खोलकर निकासी की थी, अभी तक भी यह जारी है और अभी भी बांध में पानी कि आवक नहीं बढ़ी तो भी दस बारह दिन तो और गेट खुला रहेगा। 22 साल में आठवीं बार छलका बांध बीसलपुर बांध के 22 साल के जीवन में यह तीसरा बड़ा रिकॉर्ड है। इससे पहले सबसे लंबी अवधि तक 2019 में 64 दिन तक गेट खुले रहे थे। इस साल जुलाई में पहली बार गेट खुले और लगातार दूसरे साल गेट खोले जाने का रिकॉर्ड भी बना। अब सबसे लंबे समय तक पानी निकासी का नया रिकॉर्ड दर्ज हुआ है। अजमेर संभाग का सबसे बड़ा बीसलपुर बांध की कुल पानी की भराव क्षमता 38.708 टीएमसी (315.50 आरएल मीटर) है। इस बांध का निर्माण होने के बाद इसमें पहली बार 2004 में पानी रोका गया था और पहली बार में ही पूरा भरकर छलक गया था। उसके बाद 2006, 2014, 2016, 2019, 2020, 2022, 2024 में यह पूरा भरकर छलका था। अब आठवीं बार 24 जुलाई को इसके खोले गए थे। कितना पानी किसके लिए? बीसलपुर बांध प्रोजेक्ट के एक्सईएन मनीष बंसल ने बताया – टोंक जिले में सिंचाई के लिए 8 टीएमसी पानी, पेयजल के लिए 16.2 टीएमसी पानी आरक्षित है। इसके अलावा 8.15 टीएमसी वाष्पीकरण व अन्य खर्च माना गया है। रोजाना 1000 एमएलडी खपत होता पानी: टोंक, अजमेर, जयपुर जिलों में पेयजल के लिए रोजाना करीब साढ़े नौ से एक हजार एमएलडी पानी इस बांध से जाता है। इससे तीनों जिलों के करीब दो हजार शहर, गांवों की करीब एक करोड़ से ज्यादा आबादी को पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। किस साल कितना बनास नदी में छोड़ा पानी बीसलपुर बांध के गेट अब तक आठ बार खोले जा चुके है। पहली बार इसमें 2004 में पानी रोका गया था और फुल भरने से पहली ही बार इसके गेट खोलकर 26.18 टी एम सी पानी निकासी की गई थी । इसी तरह फिर 2006 में 43.25 टी एम सी, 2014 में 11.202 टी एम सी, 2016 में 134.238 टी एम सी, 2019 में 93.605 टी एम सी, 2022 में 13.246 टी एम सी, 2024 में 31.433 टी एम सी और इस साल 16 अगस्त सुबह 8 बजे तक 25.394 टी एम सी पानी की निकासी बनास नदी में की जा चुकी है। बांध की भौगोलिक स्थिति: बीसलपुर बांध के 18 गेट हैं जो 15 गुणा 14 मीटर की साइज के हैं। बांध की लंबाई 576 मीटर व समुद्रतल से ऊंचाई 322.50 मीटर है। बांध की कुल जल भराव में 68 गांव डूब चुके हैं। इसमें 25 गांव पूर्ण रूप से व 43 गांव आंशिक रूप से डूब क्षेत्र में आते हैं। बांध का जलभराव क्षेत्र 25 किलोमीटर है जिसमें कुल 21 हजार 30 हेक्टेयर भूमि जलमग्न होती है। सिंचाई के लिए लाइफलाइन बीसलपुर बांध के निर्माण के साथ ही इसके नहरी तंत्र का निर्माण भी 2004 में पूरा हुआ था। टोंक जिले में सिंचाई के लिए बांध की दायी व बायीं दो मुख्य नहरें हैं। दांयीं नहर की कुल लंबाई 51 किलोमीटर व बायीं की लंबाई 18.65 किलोमीटर है। जिनसे जिले की 81 हजार 800 हेक्टेयर भूमि सिंचित होती है। दांयीं मुख्य नहर से 69 हजार 393 हेक्टेयर व बायीं से 12 हजार 407 हेक्टेयर भूमि पर सिंचाई कार्य होता है। बांध से अब तक 2004, 2005, 2006, 2007, 2011 से 2017, 2019, 2022, 2023 और 2024 में सिंचाई के लिए पानी छोड़ा जा चुका है। अब इस साल भी बांध फुल भर गया है। इस साल भी किसानों को पानी मिलेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *