शाजापुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे-52 पर बिजना जोड़ के समीप गुरुवार करीब 11 बजे सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार हवा में उछलकर सड़क किनारे खेत में जा गिरा। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घायल बाइक सवार और कार चालक को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने अस्पताल में बाइक सवार को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान महुपुरा निवासी कमल मलक के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। बताया गया है कि कमल मलक रोजाना बिजना जोड़ स्थित एक दरगाह पर दर्शन करने जाते थे। गुरुवार को भी वे घर से दर्शन के लिए निकले थे, तभी यह हादसा हुआ।


