भिंड जिले के दबोह थाने में पदस्थ सब इंस्पेक्टर के घायल फरियादी से अपनी कार धुलवाने का वीडियो सामने आया है। वीडियो वायरल होने पर भिंड एसपी असित यादव ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। घायल भाई को लेकर पहुंचा था थाने जानकारी के अनुसार, दबोह थाना क्षेत्र के बरथरा गांव में दो दिन पहले खेत में मकान निर्माण को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था। इस विवाद में रामू और श्यामू परिहार नाम के दो भाइयों के साथ मारपीट की गई थी। हमले में श्यामू के सिर में गंभीर चोटें आई थीं। बुधवार सुबह दोनों भाई शिकायत दर्ज कराने के लिए दबोह थाने पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान ड्यूटी पर मौजूद सब इंस्पेक्टर (एसआई) रविंद्र सिंह मांझी ने उनकी शिकायत सुनने के बजाय फरियादी रामू से अपनी निजी कार साफ करवाना शुरू कर दिया। एसआई ने खुद ही बाल्टी, पानी और कपड़ा लाकर दिया और कहा कि पहले कार साफ करो, फिर रिपोर्ट लिखी जाएगी। वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप इस घटना का वहां मौजूद कुछ लोगों ने वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि फरियादी थाने में पुलिस की गाड़ी साफ कर रहा है, जबकि उसका भाई घायल हालत में पास में बैठा है। वीडियो के सामने आते ही गुरुवार को एसपी असित यादव ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दिए। दबोह थाना प्रभारी राजेश शर्मा ने बताया कि वीडियो की पुष्टि हो गई है और जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। पहले भी विवादों में रह चुका है दबोह थाना बता दें कि, कुछ दिन पहले भी दबोह थाने में शराब दुकान से जुड़े एक मामले में भी बवाल हुआ था। आरोप था कि एक एएसआई और नगर रक्षा समिति के सदस्य ने शराब दुकान के कर्मचारी से गाली-गलौज की थी और फर्जी केस में फंसाने की धमकी दी थी। उस मामले का वीडियो भी सामने आया था, जिस पर एसपी ने जांच शुरू की थी। अब फरियादी से कार साफ करवाने का मामला सामने आने के बाद एक बार फिर दबोह थाना की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।


