बालाघाट के वारासिवनी थाना क्षेत्र में एक रिटायर्ड बिजलीकर्मी विनायकराव सोनी के घर से दिनदहाड़े लाखों रुपए के गहने और नगदी चोरी हो गई। यह घटना तब हुई जब सोनी दंपत्ति अमृत नगर के देवी मंदिर में भंडारा खाने गए थे। परिवार के अनुसार, चोरों ने सोने के झुमके, अंगूठी, मंगलसूत्र, लॉकेट के साथ ही चांदी के झाले और हजारों रुपए नकद चुरा लिए। विनायकराव सोनी ने बताया कि चोरों ने सामने के गेट का ताला तोड़ा और मुख्य दरवाजे का इंटरलॉक तोड़कर अलमारी में रखे लगभग 5 लाख रुपये के जेवर चुराए। यह पूरी वारदात करीब एक घंटे में हुई। जिले में हाल के दिनों में अपराधों, विशेषकर चोरी की घटनाओं में तेजी से वृद्धि हुई है, जिससे पुलिस के लिए चुनौतियां बढ़ गई हैं। वारासिवनी थाना पुलिस ने भी दिनदहाड़े हो रही चोरियों की वारदातों को स्वीकार किया है। पुलिस का मानना है कि बल की कमी के कारण इन वारदातों को रोकना मुश्किल हो रहा है। हालांकि, पुलिस ने दावा किया है कि वे जल्द ही इन अनसुलझी चोरियों का खुलासा करेंगे। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि वे दिनदहाड़े हो रही चोरियों पर नजर रखें। बढ़ती चोरियों की वारदातें कहीं न कहीं रात्रि गश्त की कमजोरी को भी दर्शाती हैं, जिसे पुलिस अब सख्त करने की योजना बना रही है। बीते दिनों वारासिवनी थाना क्षेत्र में केशवराम मरकाम, हरीनारायण राहंगडाले, संजय पटले, फूलचंद ठाकरे, प्रभुदयाल बिसेन और युवराज ठाकरे सहित कई लोगों के घरों में लाखों की चोरी हुई है।


