शिवपुरी में महानवमी के साथ बुधवार को नवरात्रि महोत्सव का समापन हो गया। नौ दिनों तक चली माता की आराधना के बाद श्रद्धालुओं ने हवन-पूजन और भंडारे के साथ प्रतिमाओं का विसर्जन किया। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह से देर रात तक विसर्जन जारी रहा। रामनवमी के अवसर पर श्री नवदुर्गा सांस्कृतिक समारोह मंडल ने शिवपुरी टॉकीज के सामने माधव चौक पर दुर्गा विसर्जन समारोह का भव्य आयोजन किया। रात्रि 8 बजे से शुरू हुए इस आयोजन में मंच पर विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। समारोह के दौरान कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें जूनियर वर्ग (10 वर्ष तक) और सीनियर वर्ग (10 वर्ष से अधिक) के लिए सोलो डांस, ग्रुप डांस, सुंदर मूर्ति, सुंदर विमान और आकर्षक पांडाल प्रतियोगिताएं शामिल थीं। सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। बाहर से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत लाइव झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं, जिन्हें देखने हजारों लोग मौजूद रहे। कई स्थानों पर भंडारे का आयोजन कर प्रसाद वितरण भी किया गया। आयोजन में भोपाल के नटराज डीजे और शिवपुरी के संस्कार डीजे का विशेष प्रभाव रहा। भक्तिमय डीजे धुनों पर हजारों युवा देर रात तक थिरकते रहे। संस्कार डीजे को इस बार क्रेन पर सजाया गया था, जिसने शोभायात्रा को और भव्य बना दिया।


