यूपी की बड़ी खबरें:वाराणसी में बजरंगबली का जाति प्रमाण पत्र बनवाने पहुंचे सपाई, बोले- हनुमान राष्ट्र के, नहीं किसी कास्ट के

यूपी के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के हनुमान जी पर दिए बयान का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। वाराणसी में मंगलवार को सपा कार्यकर्ता हनुमान जी की तस्वीर लेकर जिला मुख्यालय पहुंच गए। वहां पर राजभर के बयान के खिलाफ प्रदर्शन किया। उसके बाद प्रशासन से हनुमान जी का जाति प्रमाण पत्र जारी करने की मांग की। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए कहा-“बजरंगबली राष्ट्र के…, ना ही किसी कास्ट के… पहले राष्ट्र फिर कास्ट।” राजभर से बयान के लिए माफी मांगने की भी मांग की। अधिकारियों के समझाने के बाद वे वापस लौट गए। पढ़ें पूरी खबर… मुजफ्फरनगर में दलित की हत्या, कार से मारी टक्कर, फिर सड़क पर गिराकर हॉकी से पीटा​​​​​​ मुजफ्फरनगर के खतौली कस्बे के पाली गांव निवासी दलित युवक सन्नी की सरेराह पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। सन्नी अपने साथी शीनू के साथ खतौली बालों की कटिंग कराने आया था। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने व को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा घटना के पीछे गांव पाली के प्रधान के बेटे और भतीजों का नाम सामने आ रहा है। आरोप है कि इन लोगों ने पहले सन्नी और शीनू की बाइक को कार से टक्कर मारी। इसके बाद जमीन पर गिरते ही दोनों पर हॉकी और डंडों से हमला कर दिया। हमले में सन्नी की मौत हो गई, जबकि उसका साथी शीनू किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। हालांकि, शीनू भी गंभीर रूप से घायल है। उसके सिर और शरीर के कई हिस्सों पर गहरी चोटें आई हैं। पढ़ें पूरी खबर… वाराणसी में स्वामी जीतेन्द्रानंद बोले-सपा सरकार में रोजा इफ्तार का निमंत्रण जाता था, इसलिए अखिलेश के पेट में दर्द महाकुंभ को लेकर सपा ने प्रदेश सरकार पर अनावश्यक पैसे खर्च और प्रचार प्रसार का आरोप लगाया था। इस पर संत समिति ने भी BJP का समर्थन किया है। वाराणसी में मंगलवार को अखिल भारतीय संत समिति के राष्ट्रीय महामंत्री स्वामी जीतेन्द्रानंद सरस्वती ने कहा-अखिलेश महाकुंभ के निमंत्रण को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। क्योंकि, उनके कार्यकाल में सरकारी धन की मदद से रोजा इफ्तार के लिए ही निमंत्रण देने की परंपरा रही है। उनके पेट में दर्द होना स्वाभाविक है। पढ़ें पूरी खबर डीजी सीबीसीआईडी समेत तीन आईपीएस आज हो रहे रिटायर यूपी पुलिस के 13 अफसर मंगलवार को रिटायर हो गए। इसमें 3 आईपीएस और 10 पीपीएस अफसर शामिल हैं। रिटायर होने वाले आईपीएस अफसरों में सीबीसीआईडी के डीजी एस एन साबत, डॉ. भीमराव अम्बेडकर पुलिस अकादमी में तैनात डीआईजी बाबू राम और पुलिस मुख्यालय में तैनात अमरेंद्र प्रसाद सिंह का नाम शामिल है। सीबीसीआईडी से रिटायर हो रहे डीजी एसएन साबत की गिनती योगी के भरोसेमंद अफसरों में होती रही है। योगी सरकार आने के बाद वे प्रयागराज और लखनऊ जोन के एडीजी रहे। लखनऊ जोन से हटने के बाद वह पहले पावर कार्पोरेशन और फिर जेल विभाग में डीजी बने। 7 जुलाई 2024 को उन्हें सीबीसीआईडी का डीजी बनाया गया, जहां से वे आज रिटायर हो रहे हैं। मुरादाबाद में गौरी-शंकर मंदिर की रंगाई-पुताई शुरू; 1980 दंगे में पुजारी की हत्या के बाद से बंद था मुरादाबाद में 44 साल से बंद पड़े गौरी-शंकर मंदिर की रंगाई पुताई का काम मंगलवार को शुरू हो गया है। प्रशासन ने सोमवार को इस मंदिर का दरवाजा खुलवाया था। मंदिर के पुजारी की 1980 के दंगे में हत्या कर दी गई थी। तभी इस मंदिर की मूर्तियों को खंडित करके मलबे में दबा दिया गया था। बता दें कि मुरादाबाद में नागफनी एरिया में झब्बू का नाला इलाके में प्राचीन गौरी-शंकर मंदिर है। 1980 के मुरादाबाद दंगों में इस मंदिर के पुजारी भीमसेन की हत्या कर दी गई थी। जिनकी लाश भी नहीं मिली थी। भीमसेन के पोते ने करीब 10 दिन पहले मुरादाबाद के डीएम अनुज सिंह को अर्जी देकर मंदिर के कपाट फिर से खुलवाए जाने की मांग की थी। नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल का कहना है कि मंदिर के जीर्णोद्धार का काम पूरा होने के बाद यहां अनुष्ठान का आयोजन भी होगा। इसके बाद मंदिर पूजापाठ के लिए जनमानस को सौंप दिया जाएगा। पढ़िए पूरी खबर संभल की चंदौसी रेलवे स्टेशन पर पटरी से उतरा इंजन, मौके पर पहुंचे अफसर संभल के चंदौसी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर मंगलवार को शंटिंग के दौरान इंजन पटरी से उतर गया। घटना के बाद रेलवे अधिकारियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। इस दौरान कुछ समय के लिए ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा। फिलहाल कोई भी बड़ी घटना नहीं हुई है। मुरादाबाद डीआरएम राजकुमार तत्काल पहुंचे। डीआरएम ने हुई घटना के बारे में स्थानीय रेलवे अधिकारियों से जानकारी की। 4 घंटे की कड़ी मशक्कत करने के बाद रेलवे कर्मियों ने शंटिंग करते समय उत्तरी मालगाड़ी के इंजन को पुनः पतरी पर चढ़ाया, उसके बाद रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों की जान में जान आई। पढ़ें पूरी खबर… कानपुर में BJP नेता और पुलिस की झड़प; अभद्रता में 2 कॉन्स्टेबल सस्पेंड कानपुर में हर्ष मर्डर केस में मुआवजे और गंभीर धाराओं में केस दर्ज करने को लेकर परिजन और भाजपा नेताओं ने जमकर थाने के बाहर हंगामा किया। इस दौरान पुलिस कर्मियों और भाजपा नेता की जमकर झड़प हुई। आक्रोशित पुलिस ने भाजपा नेताओं को हिरासत में लेकर हवालात में डाल दिया। इसके बाद भाजपा नेताओं ने चकेरी थाने का घेराव और चकेरी पुलिस के खिलाफ हंगामा किया। देर रात भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं को छोड़ने पर हंगामा शांत हुआ। पुलिस कमिश्नर ने भाजपा नेताओं से अभद्रता करने के मामले में दो कॉन्स्टेबल को मंगलवार सुबह सस्पेंड कर दिया। पढ़िए पूरी खबर डासना मंदिर बवाल केस में मोहम्मद जुबैर से पूछताछ; नरसिंहानंद के खिलाफ भीड़ ने किया था बवाल गाजियाबाद के डासना मंदिर पर 4 अक्टूबर को हुए बवाल मामले में पुलिस ने सोशलिस्ट मोहम्मद जुबैर से पूछताछ की। पुलिस का नोटिस मिलने के बाद जुबैर अपने वकील के साथ कविनगर थाने पहुंचे। जहां बंद कमरे में पुलिस ने पूछताछ की। डासना मंदिर के महंत यति नरसिंहानंद ने पैगंबर मोहम्मद पर टिप्पणी की थी। इसके बाद, मुस्लिम समुदाय ने डासना मंदिर के बाहर हंगामा-प्रदर्शन किया था। इस मामले में मंदिर समिति से जुड़ीं उदिता त्यागी ने मोहम्मद जुबेर पर थाना कविनगर में मुकदमा दर्ज कराया था। जुबैर पर भड़काऊ पोस्ट व धार्मिक उन्माद फैलाने का आरोप लगाया था। पुलिस ने बीएनएस की धारा 152 के तहत केस दर्ज किया था। इस मामले में आरोपी पहले ही कोर्ट से जमानत पा चुका है। पढ़िए पूरी खबर अलीगढ़ में बेटी के ससुराल में पिता की पीट-पीटकर हत्या, समझौता कराने गए थे अलीगढ़ में बेटी और दामाद के बीच समझौता कराने पहुंचे बुजुर्ग की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। गोंडा थाना क्षेत्र के गांव नगला बलराम में बातचीत के दौरान बेटी के ससुरालियों ने बुजुर्ग के साथ मारपीट शुरू कर दी और लाठी-डंडे बरसाकर लहुलूहान कर दिया। घटना के बाद पीड़ित बुजुर्ग को अस्पताल ले जाया जा रहा था। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। सीओ इगलास एएसपी भांवरे दीक्षा अरुण ने बताया- शव को पोस्टमार्टम के भेज दिया गया है। तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी को दबिश जारी है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पढ़िए पूरी खबर महराजगंज में दिखा तेंदुआ, दहशत में ग्रामीण:गांव में अलर्ट जारी, रेंजर ने वन कर्मियों के साथ चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन महराजगंज सोहगीबरवा सेंचुरी से भटक कर एक तेंदुआ जंगल से करीब 30 किमी दूर भिटौली क्षेत्र के पिपरा खादर गांव के सिवान में पहुंच गया। वहीं तेंदुए की सूचना पर पुलिसकर्मी और वनकर्मी भी पहुंच गए। तेंदुए की सूचना के बाद परसा खुर्द, अहिरौली, सोहरौना, जगदीशपुर आदि सीमावर्ती गांव में हड़कंप मच गया। भिटौली थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने बताया कि आसपास के गांव में अलर्ट जारी किया गया है। पढ़िए पूरी खबर एटा में सर्राफा व्यवसायी से लूट:तमंचे की बट से हमला कर लाखों के गहने लूटे, दुकान बंद कर लौट रहे थे घर एटा के जलेसर-हाथरस मार्ग पर सोमवार शाम बदमाशों ने एक सर्राफा व्यवसायी से लूटपाट की। पल्सर बाइक पर सवार चार बदमाशों ने तमंचे की बट से हमला कर व्यवसायी को लहूलुहान कर दिया और लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना पर सीओ नीतीश गर्ग और कोतवाली प्रभारी डॉक्टर सुधीर राघव मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित से घटना की जानकारी ली। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और बदमाशों की तलाश में जुट गई है। पढ़िए पूरी खबर ​​​

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *