अमृतसर के अल्फा मॉल के पास आज सुबह एक फॉर्च्यूनर गाड़ी की गैस सिलेंडरों से भरे ऑटो से टक्कर हो गई। इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि फॉर्च्यूनर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। अनुमान है कि गाड़ी को लगभग 1 से 2 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत ऑटो ड्राइवर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। अधिकारियों ने बताया कि ऑटो में घरेलू गैस सिलेंडर भरे हुए थे और अगर टक्कर के समय सिलेंडर फट जाते तो एक बड़ा हादसा हो सकता था। ऑटो ड्राइवर की लापरवाही से हादसा प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हादसा ऑटो ड्राइवर की लापरवाही के कारण हुआ। लोगों ने बताया कि ऑटो गलत दिशा से आ रहा था और अचानक फॉर्च्यूनर के सामने आ गया, जिससे टक्कर हो गई। फॉर्च्यूनर के मालिक ने भी ऑटो ड्राइवर पर नियमों का पालन न करने का आरोप लगाया। मामले की सच्चाई पुलिस जांच में सामने आएगी। अक्सर ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करते हैं ऑटो ड्राइवर पुलिस अधिकारियों ने पूरे मामले की गहन जांच का आश्वासन दिया है, जिसके बाद हादसे के लिए जिम्मेदार व्यक्ति का पता चलेगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि अमृतसर में ऑटो ड्राइवर अक्सर गलत साइड चलकर, तेज गति और ओवरलोडिंग से ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करते हैं, जिससे सड़क हादसे होते रहते हैं।


