कटनी में रपटा पेट्रोल पंप से जुहला बाइपास सड़क जर्जर:लगभग 3 किमी मार्ग पर गहरे गड्ढे, रपटा पुल भी टूटा; बड़े हादसे की आशंका

कटनी शहर को जुहला बाइपास से जोड़ने वाली रपटा पेट्रोल पंप से जुहला बाइपास तक की लगभग 3 किलोमीटर लंबी सड़क इन दिनों राहगीरों के लिए दुर्घटना का कारण बन गई है। अत्यधिक जर्जर हालत, गहरे गड्ढे और क्षतिग्रस्त रपटा पुल किसी भी समय बड़े हादसे का सबब बन सकते हैं, जिससे नागरिकों का आवागमन दूभर हो गया है। कटनी नगर निगम क्षेत्र की यह सड़क लंबे समय से बदहाली का शिकार है। लगभग 3 किलोमीटर के इस हिस्से में सड़क पर इतने बड़े और गहरे गड्ढे हो गए हैं कि यह सड़क कम और एक खतरनाक रास्ता ज्यादा लगती है। हर दिन हो रहे हादसे, बारिश में जलभराव सड़क की दयनीय स्थिति के कारण दो पहिया और चार पहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गड्ढों से बचने के प्रयास में यातायात भी बाधित होता है। स्थानीय नागरिक और समाजसेवी इंद्र मिश्रा ने बताया कि सड़क पर रोजाना दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि गड्ढे इतने बड़े हो गए हैं कि बारिश के मौसम में यहां जल भराव की स्थिति निर्मित हो जाती है। मिश्रा ने चेतावनी दी कि “अगर समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।” क्षतिग्रस्त रपटा पुल बना बड़ा खतरा सड़क की खराब हालत के साथ-साथ इस मार्ग पर स्थित रपटा पुल भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका है। पुल में भी जगह-जगह बड़े गड्ढे और दरारें पड़ गई हैं, जिसने खतरे को और बढ़ा दिया है। इंद्र मिश्रा ने पुल की स्थिति पर विशेष रूप से ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि रपटा पुल में गड्ढे और दरारें कभी भी बड़े हादसे को अंजाम दे सकती हैं। यह पुल शहर को जोड़ने वाला एक अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग है और इसकी जर्जर हालत यातायात के लिए एक गंभीर खतरा बनी हुई है। स्थानीय नागरिकों और राहगीरों ने कटनी नगर निगम तथा संबंधित विभाग से तत्काल प्रभाव से खराब सड़क और क्षतिग्रस्त रपटा पुल की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *