धमतरी| चरोटा-गातापारा मोड़ स्थित सड़क किनारे नाले में मिला नवजात स्वस्थ हो गया है। जिला अस्पताल धमतरी के एसएनसीयू के डॉक्टर और नर्सों ने बच्चे का आकाश नाम रखकर इलाज किया। शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अखिलेश देवांगन ने बताया कि नवजात पूरी तरह स्वस्थ हो गया है। इसकी जानकारी महिला व बाल विकास विभाग को दी गई। 1 जनवरी को सीडब्ल्यूसी को सौंपा जाएगा। बता दें कि 25 दिसंबर को नवजात को प्लास्टिक बोरी में भरकर अज्ञात महिला ने नाले में जिंदा फेंक दिया था। रोने की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों ने मितानिन राधाबाई ध्रुव को सूचना दी। उन्होंने नवजात को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। 25 दिसंबर को डॉक्टरों ने सी-पैप मशीन में रखकर ऑक्सीजन चढ़ाया। 24 घंटे इलाज के बाद दूसरे दिन 26 दिसंबर को वॉर्मर में रखा। स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हुआ। शिशु अब स्वस्थ हो गया है। डॉ. देवांगन ने बताया कि 1 जनवरी को डिस्चार्ज किया जाएगा।


