प्रतापगढ़ पुलिस ने राजुखेडा एफएसटी प्लांट में हुई लूटकांड की गुत्थी सुलझाते हुए दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह घटना 13 मई 2025 की रात हुई थी। आईएनडी सेनिटेशन सेलुसन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के ठेकेदार अंकित सिंह राजपूत ने छोटीसादड़ी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, बदमाशों ने प्लांट में घुसकर ट्रांसफॉर्मर (डीपी) तोड़ दिया और ठेकेदार व चौकीदार के साथ मारपीट कर नकदी व सामान लूट लिया। वे पंखा, स्पीड लाइट, वॉटर मोटर और तार सहित अन्य सामान भी ले गए। पुलिस ने इस मामले में पहले ही चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया था। अब लंबे समय से फरार चल रहे उदयलाल बावरी (23) और मनोहर बावरी (50), दोनों निवासी बम्बोरा, थाना छोटीसादड़ी, को भी हिरासत में लिया गया है। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।


