भास्कर न्यूज | अंवरी/धमतरी भखारा के अंग्रेजी शराब दुकान में हथियारों से लैस कुछ बदमाशों ने खूब हंगामा किया। कर्मचारियों को मारने की धमकी देकर पिटाई की। मोबाइल लूटे। कुछ वाहनों को जलाया। तोड़फोड़ की। रातभर आतंक मचाया। ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ आक्रोश जताकर चक्काजाम किया। इधर पुलिस ने लूटपाट, आगजनी, मारपीट के आरोप में 2 युवकों को गिरफ्तार किया और रिमांड पर भेजा है। इस घटना से आक्रोशित लोगों ने मंगलवार को पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोला। धमतरी-भखारा स्टेट हाईवे पर चक्काजाम कर हंगामा किया। सेल्समैन प्रार्थी पोषण लाल साहू चारभाठा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 30 दिसंबर की रात 9.30 बजे भठेली के धनराज उर्फ बुग्गी, प्रणय निर्मलकर उर्फ टेरगू व उसके 5-6 साथियों ने डंडे, लोहे की राड लेकर शराब दुकान के पास पहुंचे। अपशब्द कहे और दुकान में घुसकर कर्मचारियों के साथ मारपीट की। मोबाइल लूट लिया। वारदात की सूचना पर पुलिस पहुंची। 2 युवकों को दौड़ाकर पकड़ा है। लूटपाट में प्रयुक्त वाहन को जब्त किया। टीआई ने बताया कि वारदात का मास्टर माइंड मुख्य सरगना व बुग्गी गैंग के सहयोगी भखारा-भठेली के बदमाश घटना कर फरार हो गए। आरोपी धनराज यादव, प्रणय निर्मलकर व अन्य 5-6 युवकों के खिलाफ धारा 115-2, 191-2, 296, 309-4, 331-6, 351-2 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस ने बताया कि युवक धनराज उर्फ बुग्गी ने अपशब्द कहे। शराब दुकान के मेन गेट को खोलकर अंदर घुसे और वीडियो बनाने की बात कहकर मारने की धमकी दी। सेल्समैन को हाथ-मुक्के से पीटा। बीच बचाव के लिए शराब दुकान के कर्मचारी हीराधर साहू, प्रवेश कुमार, संदीप चैवरे, अरूण कुमार, उमेश कुमार, जितेन्द्र निषाद आदि आए, तो सभी से लाठी, रॉड से पिटाई की। युवकों ने शराब दुकान के आसपास जो गाड़ियां खड़ी थी, उसमें भी तोड़फोड़ की। तेजराम सतनामी के चारपहिया वाहन में भी आग लगा दी। बदमाश युवकों के आतंक से आक्रोशित सतनामी पारा के लोगों ने पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन कर चक्काजाम किया। आरोप लगाया कि पुलिस अपराध रोकने में नाकाम है। सूचना पर एएसपी मणिशंकर चन्द्रा पहुंचे। स्थानीय कानून व्यवस्था संभाली। बताया कि मामले में 2 बदमाशों को गिरफ्तार किया। अन्य की तलाश जारी है।


