भिंड में टैंकर ने बुजुर्ग महिला को कुचला, ग्वालियर रेफर:मंत्री और सांसद शस्त्र पूजन कर निकले थे, काफिला गुजरने के बाद हादसा

भिंड शहर के नेशनल हाईवे-719 बाईपास पर गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। लहार चुंगी चौराहे पर सड़क पार कर रही एक बुजुर्ग महिला को तेज रफ्तार टैंकर ने अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर ही गिर पड़ी। आनन-फानन में पुलिस जवानों ने उसे ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसकी हालत नाजुक देख ग्वालियर रेफर कर दिया गया। सड़क पार करते समय हादसा
जानकारी के मुताबिक घायल महिला की पहचान मुन्नीबाई राजावत निवासी नयागांव के रूप में हुई है। वह किसी काम से भिंड बाजार आई थीं। जिस वक्त महिला लहार चुंगी वायपास पर सड़क क्रॉस कर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रहा टैंकर एसपी ऑफिस के सामने पहुंचते ही महिला से टकरा गया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। मंत्री का काफिला गुजरने के बाद हुआ हादसा
गौर करने वाली बात यह है कि घटना से कुछ ही मिनट पहले प्रदेश के नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला, सांसद संध्या राय, कलेक्टर संजय श्रीवास्तव और एसपी असित यादव पुलिस लाइन में शस्त्र पूजन कार्यक्रम में शामिल होकर उसी मार्ग से निकले थे। कार्यक्रम खत्म होने तक ट्रैफिक रोका गया था, लेकिन जैसे ही काफिला आगे बढ़ा, यातायात को खोला गया और तभी यह हादसा हो गया। घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद पुलिस जवानों ने तत्काल घायल महिला को सरकारी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां से डॉक्टरों ने ग्वालियर रेफर कर दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *