मैहर जिले की बुढ़ागर नदी में एक व्यक्ति विसर्जन के समय नदी के तेज बहाव में बह गया, जिसके बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। जानकारी के मुताबिक, रामप्रताप सिंह का 45 वर्षीय बेटा जहान सिंह गांव वालों के साथ ट्रैक्टर से मूर्ति विसर्जन करने पहुंचा था। विसर्जन के दौरान अचानक जहान सिंह का पैर फिसल गया और वह नदी के तेज बहाव में बह गया। हादसे के तुरंत बाद लोगों ने डायल 112 और अमदरा थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस और गोताखोरों की तलाश जारी सूचना मिलते ही अमदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश शुरू की। पुलिस और गोताखोरों ने नाव से नदी के तेज बहाव में जहान सिंह को ढूंढ़ने की कोशिश की, मगर उनका कोई पता नहीं चल सका। शाम होने और अंधेरा छाने के कारण अधिकारियों को जांच प्रक्रिया धीमी करनी पड़ी। कई घंटों की तलाश के बाद भी जहान सिंह का पता नहीं चल पाया है, जिससे परिजनों में दुख और चिंता का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सुबह होते ही फिर से सघन तलाश शुरू की जाएगी। देखिए तस्वीरें


