रावण और कुंभकरण दहन का ड्रोन वीडियो:बैतूल में 50 से ज्यादा फीट के पुतले जलाए; राम-रावण का युद्ध का हुआ मंचन

बैतूल में विजयदशमी पर 55 फीट ऊंचे रावण और 50 फीट ऊंचे कुंभकरण के विशाल पुतलों का दहन किया गया। राम-रावण युद्ध का जीवंत मंचन भी किया गया। हजारों लोग इस कार्यक्रम में पहुंचे। केंद्रीय मंत्री सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में दशहरा उत्सव पर गुरुवार देर श्रीराम की सेना का विजय जुलूस निकाला। गंज स्थित श्री कृष्ण मंदिर से शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें श्री कृष्ण पंजाब सेवा समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। डेढ़ किमी लंबी शोभायात्रा में नागरिकों और समिति के कार्यकर्ताओं ने डांडिया और अन्य पारंपरिक नृत्य किया। हजारों की भीड़ की मौजूदगी में जैसे ही पुतलों में आग लगी, पूरा स्टेडियम “जय श्रीराम” के नारों से गूंज उठा। राम-रावण युद्ध का जीवंत मंचन
इस मौके पर राम-रावण युद्ध का जीवंत मंचन भी किया गया, जिसे दर्शकों की सहूलियत के लिए एलईडी स्क्रीन पर दिखाया गया। इसके साथ रंगीन आतिशबाजी का आकर्षक प्रदर्शन किया गया जिसने माहौल को और भी रोमांचक बना दिया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री डी.डी. उइके, विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, नगर पालिका अध्यक्ष पार्वती बारस्कर, पूर्व विधायक और जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधाकर पवार सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस वर्ष आदर्श श्री इंद्रलोक रामलीला मंडल, खजूरी (जिला सीधी) के कलाकारों ने जीवंत अभिनय कर दर्शकों का मन मोह लिया। श्री कृष्ण पंजाब सेवा समिति द्वारा आयोजित यह परंपरा पिछले 68 वर्षों से लगातार निभाई जा रही है। भीड़ और व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया था। जगह-जगह पर पुलिस बल की तैनाती और मार्ग डायवर्जन के कारण यातायात नियंत्रण में रहा तथा हजारों की भीड़ के बीच आयोजन शांतिपूर्ण और सुरक्षित रूप से संपन्न हुआ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *