शहर में इस बार दशहरा धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर श्री गणेश ड्रामाटिक क्लब की ओर से शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा की शुरुआत गीता भवन से हुई, जहां भगवान श्रीराम का पूजन कर विधिवत कार्यक्रम की शुरुआत की गई। पूजन के बाद सजे-धजे रथों और भव्य झांकियों के साथ शोभायात्रा रवाना हुई। यात्रा शहर के प्रमुख बाजारों और गलियों से होते हुए दशहरा ग्राउंड तक पहुंची। यात्रा के दौरान पूरे वातावरण में जयकारों और भक्ति गीतों की गूंज सुनाई दी। लोग रास्ते में खड़े होकर झांकियों का स्वागत करते रहे। जगह-जगह शोभायात्रा पर पुष्प वर्षा की गई और श्रद्धालुओं ने भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस बार की शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण, बजरंगबली हनुमान जी, भगवान श्रीराम और शिव शंकर की आकर्षक झांकियां सजाई गईं। झांकियों को देखकर लोग मंत्रमुग्ध हो उठे। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी श्रद्धा और उत्साह के साथ इस यात्रा का हिस्सा बने। हजारों की संख्या में लोग रास्ते भर शोभायात्रा के साथ जुड़े रहे। शोभायात्रा के सफल आयोजन के लिए गणेश ड्रामाटिक क्लब के वरिष्ठ संयोजक सतपाल गांधी, प्रवीण अग्रवाल और सेवक सिंह ने विशेष भूमिका निभाई। उनका कहना था कि बरनाला में दशहरे का यह पर्व हर बार की तरह इस बार भी भाईचारे और धार्मिक एकता का संदेश लेकर आया है।कार्यक्रम में बरनाला के विधायक कुलदीप सिंह काला ढिल्लों, सीनियर नेता गुरदीप सिंह बाठ, केवल सिंह ढिल्लों, सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर, हरिंदर सिंह धारीवाल और राम तीर्थ मन्ना सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे। दशहरे पर निकाली गई शोभायात्रा में सजाई गई झांकी , ( दाएं) हनुमान जी के स्वरूप के साथ विधायक कुलदीप सिंह काला ढिल्लों।


