भास्कर न्यूज | भीलवाड़ा शहर के कोटा रोड स्थित अहिंसा सर्किल के पास नई दिशा सेवा संस्थान की ओर से संचालित मनोरोग एवं नशामुक्ति हॉस्पिटल में भर्ती रोगियों के बीच 7 दिवसीय क्रिकेट और कबड्डी प्रतियोगिता संपन्न हुई। क्रिकेट में 4 और कबड्डी में 5 टीमों ने भाग लिया। मुख्य अतिथि एडिशनल एसपी मुख्यालय पारस जैन, विशिष्ट अतिथि पूर्व प्रिंसिपल युसुफ अहमद, संस्था अध्यक्ष राधेश्याम सोनी, संस्था के डॉक्टर नसीम जहां मौजूद थे। विजेता टीम को एडिशनल एसपी जैन ने ट्रॉफी भेंट की। संस्था के माध्यम से 12 वर्ष और 7 वर्ष पहले नशा छोड़ चुके श्याम जोतवानी, आशीष तिवारी का सम्मान किया गया। इस अवसर पर एएसपी जैन ने बताया कि संस्था में इलाज ले रहे लाभार्थियों से बातचीत में सबका व्यवहार संस्था के सफल प्रयासों को बताता है। उन्होंने कहा कि किसी भी गलत आदत और नशा छोड़ने का दृढ़ संकल्प हमारे जीवन को सफलता की ओर अग्रसर करता है। पूर्व प्रिंसिपल युसुफ अहमद ने कहा कि खेल हमारे शरीर और मन को मजबूत बनाता है। संस्था के संचालक नरेंद्र सोनी ने बताया कि संस्था पिछले 17 वर्षों में काउंसलिंग प्रोग्राम, एक्टिविटी के माध्यम से नशे से पीड़ित कई व्यक्तियों का नशा छुड़वा चुकी है। संस्था के जयप्रकाश मालू, दीपक सोनी, मनीषा डिडवानिया, आशीष तिवारी, सुमित खंडेलवाल, राहुल, राजेश, राकेश, दीपक उजितपुरिया मौजूद थे।


