भास्कर न्यूज | फाजिल्का गवर्नमेंट पेंशनर्स यूनियन पंजाब की बैठक साथी हरभजन सिंह खुंगर जिला प्रधान की अध्यक्षता में आज यहां लाला सुनाम राय मैमोरियल हाल में हुई। यूनियन के जिला जनरल सचिव प्रेम कुमार ने बताया कि संगठन ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में पीड़ित परिवारों को सहायता प्रदान करने के लिए सात सदस्यीय सब कमेटी का गठन किया है और यह सब कमेटी बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा कर प्रभावित लोगों से तालमेल बनाकर संगठन को 10 अक्तूबर 25 तक रिपोर्ट देगी। साथी प्रेम कुमार महा सचिव ने बताया कि गवर्नमेंट पेंशनर्स यूनियन पंजाब द्वारा पंजाब मुलाजिम पेंशनरों की साझा मांगों की प्राप्ति के लिए साझा फ्रंट के प्रांतीय आह्वान पर 11 अक्तूबर को संगरूर में होने वाली राज्य स्तरीय विशाल रैली में जिला फाजिल्का ने बड़ी संख्या में शामिल होने का फैसला लिया है। हरभजन सिंह खुंगर जिला प्रधान ने कहा कि पंजाब के छठे वेतन आयोग की सिफारिशों को 10 साल बीत चुके हैं, लेकिन पंजाब के तीन लाख पेंशनरों पर आयोग की सिफारिश 2.59 को मान सरकार ने लागू नहीं किया। हाल ही में आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार ने माननीय कोर्ट में स्पीकिंग ऑर्डर पेश करते हुए इसे लागू करने से इनकार कर दिया। साथी खुंगर ने कहा कि अगर वेतन आयोग की सिफारिशों को मानना नहीं था तो फिर साझा फ्रंट और पंजाब पेंशनर्स ज्वाइंट फ्रंट से पिछले तीन वर्षों से सरकार की सब कमेटी की बैठकों का क्या मतलब था? क्या पंजाब सरकार यह ढोंग सिर्फ समय बिताने के लिए कर रही थी? उन्होंने कहा कि आप सरकार की नीयत और नीति अब स्पष्ट हो चुकी है और पंजाब की हुकूमत की पोल खुल गई है। प्रेस सचिव शशिकांत ने आप सरकार से 13% महंगाई भत्ता तुरंत जारी करने की मांग की। बैठक को पेंशनर नेता साथी राजिंदर सिंह, मास्टर सुरिंदर कुमार, जंगीर सिंह, सुरिंदरपाल मदान, सतनाम सिंह ग्रोवर, सुखदेव मसीह आदि नेताओं ने संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की पेंशनर विरोधी नीतियों के खिलाफ अगला वर्ष तीखे संघर्षों का होगा जिसकी कीमत सरकार को चुकानी पड़ेगी।


