25वीं राज्य स्तरीय शालेय स्पर्धा में जीते स्वर्ण-कांस्य पदक

भास्कर न्यूज | राजनांदगांव 25वीं राज्य स्तरीय शालेय खेल स्पर्धा रायपुर में हुई। शहर के पटरी पार के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण और कांस्य पदक जीत कर जिले का मान बढ़ाया। यह पहली बार हुआ जब पटरी पार क्षेत्र से 5 खिलाड़ियों ने एक साथ राज्य स्तरीय स्पर्धा में भाग लिया और पदक जीते। चिखली स्कूल मैदान में अंतरराष्ट्रीय हॉकी कोच मृणाल चौबे से हॉकी का अभ्यास करने वाले खिलाड़ी पुष्पिता साहू, घनिष्ठा साहू, द्विशा निषाद, मोनिष्का विश्वकर्मा एवं दक्ष चौबे ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर इतिहास रचा। रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में 27 से 30 सितंबर तक आयोजित स्पर्धा में छत्तीसगढ़ के पांच संभाग की टीम रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, बस्तर एवं सरगुजा ने भाग लिया। इसमें घनिष्ठा साहू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 गोल किए। मोनिष्का विश्वकर्मा ने 1 गोल किया। पुष्पीता साहू ने रक्षा पंक्ति में मजबूत खेल दिखाया। द्विशा निषाद ने बतौर गोलकीपर कई निर्णायक बचाव कर दर्शकों का दिल जीत लिया। दक्ष चौबे ने बालक वर्ग में गोलकीपर के रूप में सबसे कम गोल खाने का रिकॉर्ड बनाया। वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी नरेश डाकलिया, रमेश डाकालिया, कुतबुदद्दीन सोलंकी, प्रकाश शर्मा, अजय झा, अनूप श्रीवास्तव, कुमार स्वामी, नीलम जैन ने हौसला बढ़ाया। बच्चे रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी में ट्रेनिंग ले रहे खिलाड़ियों की इस सफलता के पीछे रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी द्वारा प्रदान किया जा रहा निःशुल्क हॉकी प्रशिक्षण तथा खेलो इंडिया द्वारा संचालित विशेष प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण योगदान है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता गुना (मध्यप्रदेश) में दिसंबर माह के अंतिम सप्ताह में आयोजित होना है इसमें छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। मृणाल चौबे पटरी पार क्षेत्र में चिखली, शांतिनगर, शंकरपुर, शिवनगर, नया एवं पुराना ढाबा, स्टेशन पारा, मोतीपुर, गौरी नगर के खिलाड़ियों को हॉकी का निशुल्क प्रशिक्षण दे रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *