धनबाद समाहरणालय में शुक्रवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई, जब भवन के तीसरी मंजिल पर बने जनरेटर रूम में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। घटना की जानकारी मिलते ही वहां पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए इसकी सूचना अग्निशमन विभाग और स्थानीय थाना को दी। सूचना पाकर अग्निशमन की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। गनीमत रही कि समय रहते आग बुझा ली गई, अन्यथा यह बड़ी दुर्घटना का रूप ले सकती थी। इस घटना में समाहरणालय परिसर में लगे कई बिजली के उपकरण जलकर राख हो गए हैं, जिससे कार्यालय के कामकाज पर असर पड़ने की संभावना है। फिलहाल बरवाअड्डा थाना प्रभारी और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।


