रायपुर कर्चुलियान थाना क्षेत्र के रीवा-मनगवां हाईवे पर मृत गाय को हाईवे के पेट्रोलिंग वाहन से घसीटते हुए ले जाने का वीडियो सामने आया से। घटना जोगिनहाई टोल प्लाजा के पास की है, जिससे टोल प्लाजा प्रबंधन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, सड़क दुर्घटना में माैत होने के बाद गाय के शव को हाईवे के पेट्रोलिंग वाहन से रस्सी से बांधकर सड़क पर घसीटा गया। इस घटना का वीडियो सामने आने बाद लोगों में आक्रोश है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि गाय के शव को बिना किसी उचित व्यवस्था के सड़क पर घसीटा जा रहा है, जिससे सड़क पर खून फैल गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह घटना टोल प्लाजा प्रबंधन की मवेशियों के प्रति संवेदनहीनता को उजागर करती है। हाईवे पर मृत मवेशियों के शवों को क्रूरता और निर्दयता से घसीटकर ले जाया जाता है। फिलहाल, इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है और न ही कोई कार्रवाई की गई है। बता दें कि, पिछले सप्ताह शहर के बिछिया थाना क्षेत्र में गाय का कटा हुआ सिर मिलने के बाद हिंदू संगठन ने हंगामा किया था, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। इस घटना के कुछ दिनों बाद ही टोल प्लाजा प्रबंधन की यह क्रूरता सामने आई है।


