हरदा के घंटाघर मुख्य बाजार और पेडी घाट क्षेत्र में निर्माणाधीन सार्वजनिक शौचालय बीते नौ महीने से अधूरा पड़ा हुआ है। ठेकेदार को भुगतान नहीं मिलने के कारण निर्माण कार्य रुका हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों और बाहर से आने वाले यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खुले में शौच और स्नान करने को मजबूर लोग शहर के व्यस्त इलाके में शौचालय न होने के कारण महिला-पुरुषों को खुले में शौच और स्नान करना पड़ रहा है। खासकर पेडी घाट के आसपास के मंदिरों और अजनान नदी के घाटों के पास यह स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। इससे क्षेत्र में गंदगी बढ़ रही है और मच्छरों का प्रकोप भी तेजी से फैल रहा है। बीमारियों का खतरा, जिम्मेदार लापरवाह स्थानीय रहवासियों का कहना है कि लंबे समय से अधूरे पड़े निर्माण के कारण आसपास की बस्तियों में बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। लेकिन न तो नगर पालिका और न ही ठेकेदार इस समस्या को गंभीरता से ले रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष ने जताई नाराजगी नगर पालिका परिषद हरदा के नेता प्रतिपक्ष अमर रोचलानी ने इस स्थिति पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका अपनी जिम्मेदारी निभाने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। जनता शौच और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है, लेकिन प्रशासन और ठेकेदार की उदासीनता बनी हुई है। कांग्रेस पार्षदों ने दी चेतावनी कांग्रेस पार्षदों ने नगर पालिका को चेतावनी दी है कि यदि अगले 15 दिनों के भीतर घंटाघर मुख्य बाजार स्थित शौचालय का निर्माण पूरा नहीं किया गया और इसे जनता के लिए शुरू नहीं किया गया, तो वे घंटाघर क्षेत्र में धरना-प्रदर्शन करेंगे।


