हनुमानगढ़ जिले में कृषि भूमि पर अवैध कब्जे के प्रयास और नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। नोहर पुलिस थाने में एक नामजद सहित तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों ने ट्रैक्टर से खेत में हल चलाकर नुकसान पहुंचाया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस के अनुसार दलपतपुरा निवासी हंसराज (60) पुत्र काशीराम सुथार ने यह रिपोर्ट दर्ज कराई है। हंसराज ने बताया कि दलपतपुरा रोही में उनकी और उनके दो भाइयों की कृषि भूमि है, जिसके चारों ओर पिलर और तारबंदी की हुई है। शिकायत के मुताबिक 27 सितंबर की दोपहर दलपतपुरा निवासी कनीराम पुत्र गिरधारी राम बेनीवाल अपने दो अन्य साथियों के साथ ट्रैक्टर लेकर उनकी कृषि भूमि में घुस गया। उन्होंने कब्जा करने की नीयत से खेत में हल चलाकर फसल को नुकसान पहुंचाया और एक पिलर तथा तारबंदी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। जब हंसराज और उनके साथ रामचन्द्र बेनीवाल, इंद्रसिंह सहारण, मानसिंह सहारण ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो कनीराम ने धमकी दी। उसने कहा कि इस जमीन को भूल जाओ, हम तुम्हारी सारी जमीन पर ही कब्जा कर काश्त करेंगे। अगर पुलिस में शिकायत की तो हाथ-पैर तोड़कर जान से मार देंगे। पुलिस ने हंसराज की रिपोर्ट के आधार पर कनीराम और दो अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच हेड कॉन्स्टेबल शंकरलाल को सौंपी गई है।


