अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार कपड़ा व्यापारी को कुचला, मौत:गोगुंदा-पिंड़वाड़ा नेशनल हाईवे पर फिर हादसा, अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पु​लिस

उदयपुर में गोगुंदा-पिंडवाड़ा नेशनल हाईवे पर शुक्रवार को अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार कपड़ा व्यापारी को कुचल दिया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना दोपहर करीब 3 बजे खाखड़ी गांव स्थित नेशनल हाईवे की है। सूचना पर हाईवे पेट्रोलिंग टीम और गोगुंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को गोगुंदा सरकारी अस्पताल मोर्चरी में रखवाया। मृतक की पहचान केशुलाल भोगर(60) निवासी ढोल, गोगुंदा के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि वे अपने गांव ढोल से गोगुंदा मुख्यालय अपने किसी परिचित से मिलने आए थे। मिलकर वापस लौट रहे थे। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी है। जिसके बाद आगे की कार्रवाई होगी। इधर, पुलिस ने टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। सूरत से नवरात्र में घर आए थे केशुलाल
मृतक केशुलाल सूरत में कपड़ा व्यापारी हैं। वे नवरात्र के अवसर पर कुछ दिन पहले ही सूरत से अपने गांव आए हुए थे। शुक्रवार को गोगुंदा लौटते समय पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वे स्कूटी से उछलकर करीब 5 मीटर दूर जा गिरे। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे ठेकेदार की लापरवाही इस हादसे की बड़ी वजह बनी। हाईवे पर सड़क की खुदाई कर यातायात को एक तरफ मोड़ दिया गया था। जिससे दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार की लापरवाही से अब तक कई लोगों की जान जा चुकी है। आए दिन हाईवे पर हादसे हो रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *