धौलपुर में पैलेस रोड पर शुक्रवार दोपहर एक ऑटो गहरे गड्ढे में पलट गया। हादसे में ऑटो ड्राइवर सहित एक बुजुर्ग और दो युवतियां गड्ढे में फंस गईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य कर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। शहर की सड़कों की खराब हालत के कारण आए दिन ऐसे हादसे हो रहे हैं। लगभग सभी सड़कों पर गहरे गड्ढे हैं और बारिश के पानी से ये गड्ढे भर जाने पर वाहन चालकों को दिखाई नहीं देते। पैलेस रोड सहित शहर की अन्य सड़कों पर भी जलभराव और गड्ढों के कारण वाहन फंसने की घटनाएं आम हैं। स्थानीय लोगों में सड़कों की मरम्मत न होने को लेकर प्रशासन के प्रति भारी नाराजगी है। निवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को सड़कों की स्थिति से अवगत कराया है। अधिकारियों ने सड़कों का निरीक्षण भी किया है, लेकिन मरम्मत का काम शुरू नहीं हुआ है, जिससे हादसे लगातार बढ़ रहे हैं।


