मऊगंज जिले में शुक्रवार सुबह से मौसम का मिजाज बदल गया। सुबह 7 बजे से लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। करीब 10 घंटे से जारी इस झमाझम बारिश के कारण खेत-खलिहानों में जलभराव हो गया है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसान बहार खान ने बताया कि मूंग और उड़द की फसलें पककर तैयार थीं, लेकिन लगातार पानी गिरने से उन्हें भारी नुकसान हुआ है। इस बारिश से मूंग, उड़द और धान की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। उत्पादन पर प्रतिकूल असर पडे़गा पहले बोई गई धान की फसल खेतों में गिरकर पानी में डूब गई है, जिससे उत्पादन पर प्रतिकूल असर पड़ना तय है। किसानों का कहना है कि खरीफ की फसलों को हल्की बारिश से फायदा होता है, लेकिन इतनी लंबी और तेज बारिश नुकसानदायक साबित हो रही है। किसानों ने आशंका जताई है कि यदि यही स्थिति बनी रही तो उत्पादन में भारी गिरावट हो सकती है। इधर, मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक जिले में बारिश जारी रहने की संभावना व्यक्त की है।


