पंडाल में गोली लगने से हुई थी बच्ची की मौत:एक्स-रे रिपोर्ट में खुलासा, भोपाल में पुलिस ने घटना का रिक्रिएशन किया

भोपाल के कोलार रोड इलाके में झांकी पंडाल पर खेल रही बच्ची की गुरुवार रात गोली लगने से मौत हो गई। मौत की वजह का खुलासा एक्स-रे रिपोर्ट से हुआ है। एक्सरे में साफ हो गया है कि गोली बच्ची की गर्दन और कंधे के बीच ऊपर से घुसी और कमर में जाकर धंस गई। शुक्रवार को शव पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही है। पुलिस पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करने की तैयारी में है। शुक्रवार सुबह पुलिस ने घटना का रीक्रिएशन किया। एफएसएल की टीम ने भी मौका मुआयना कर लिया है। घटना के 2 घंटे बाद हो गई थी मौत पुलिस के मुताबिक शशि हाइटेक सिटी, राजहर्ष कोलार निवासी सुनील रजक पानी सप्लाई करने का काम करते हैं। परिवार में पत्नी और तीन बच्चे हैं। उसकी 10 साल की बेटी रिया रजक चौथी कक्षा की स्कूली छात्रा थी। गुरुवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे रिया दूसरे बच्चों के साथ राजहर्ष कॉलोनी स्थित झांकी के पास खेल रही थी। उसी दौरान अचानक वह गश खाकर गिर गई। लोगों ने देखा कि रिया के बाएं कंधे और गर्दन के बीच गहरा जख्म है और खून बह रहा है। फौरन बच्ची को जेके अस्पताल ले जाया गया, जहां करीब दो घंटे बाद उसकी मौत हो गई। पीएम रिपोर्ट का इंतजार एसआई जितेन्द्र केवट के मुताबिक एक्स रे में बच्ची को गोली लगने की पुष्टि हुई है। हालांकि पीएम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। इसके बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। चाचा बोले मेरे सामने गिरी भतीजी मृतका के चाचा राज रजक ने बताया कि घटना के समय झांकी में भंडारे की तैयारियां चल रही थीं। हम इंतजामों में व्यस्त थे। तभी भतीजी अचानक गश्खाकर गिरी, उसके कंधे से खून निकल रहा था। यह देख अफरा-तफरी हो गई। तत्काल झांकी समिति के लोगों के साथ बच्ची को अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बॉडी से खून अधिक बह चुका था, हमने खून का इंतजाम किया। लेकिन आधी यूनिट खून चड़ सका और रिया ने दम तोड़ दिया। इसके बाद भंडारे का आयोजन कैंसिल किया। माता को चंद लोगों के साथ विसर्जन के लिए रवाना किया। हमारी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है, आस पास किसी पर कोई शक नहीं है। ऐसा अनुमान है कि किसी ने हर्ष फायर किया, इसी दौरान गोली किसी चीज से टकराने के बाद दिशा बदल बैठी और मासूम भतीजी को आ लगी। पुलिस जांच कर रही है, बस जिससे भी यह घटना हुई, उसकी पहचान कर उसकी गिरफ्तारी होना चाहिए, जिससे जा गंवाने वाली निर्दोश मासूम भतीजी को न्याय मिल सके। घटना से पहले बच्ची को करंट लगा था पड़ोसी सरला धुरिया ने बताया कि सुबह 10 वर्षीय बच्ची रिया रजक को बिजली का करंट लगा था। दोपहर में बच्ची पंडाल चली गई, तभी उसको छर्रा लगा। बच्ची के चाचा कुछ लोगों के साथ हॉस्पिटल लेकर पहुंचे थे। बच्ची के पिता सुनील रजक वाटर सप्लायर का काम करते हैं। उनका पूरा परिवार किराए के मकान में रहता है। उनको 3 बच्चे है। रिया उनकी इकलौती लड़की थी। पहले एक बड़ा बेटा, फिर रिया और उसका छोटा भाई है। घटना के वक्त एक कबूतर भी गिरा था नाम न छापने की शर्त पर एक चश्मदीद ने बताया, मैं पंडाल में बच्ची के पास खड़ी थी। तीन बच्चे बैठे थे। लड़की भी कुर्सी पर बैठी थी। दोपहर 12 से 12:30 बजे का समय था। पटाखे बज रहे थे। बच्ची की हल्की आवाज आई, तो देखा खून आ रहा था। बच्ची गिर रही थी, मैने उसे संभाला, बच्ची मेरे गोद में गिर गई। मैंने फिर लोगों को आवाज लगाई। वे बच्ची को हॉस्पिटल लेकर गए। जब बच्ची को गोली लगी, तभी एक कबूतर भी आकर गिरा। शस्त्र लाइसेंस धारियों से पूछताछ शुरू पुलिस ने घटना स्थल के आस पास रहने वाले उन लोगों को तलब कर लिया है, जिनके पास शस्त्र लाइसेंस हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का अनुमान है कि शस्त्र पूजा के बाद किसी ने हर्ष फायर किया है, जिससे गोली लगने से बच्ची की मौत हुई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *