प्रतापगढ़ की धमोतर तहसील की ग्राम पंचायत देवपुरा के राजस्व ग्राम जाम्बूवेला और भुतिया के ग्रामीणों ने शुक्रवार दोपहर 2 बजे जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने गांव में स्वीकृत विकास कार्यों में लापरवाही और बजट के कथित दुरुपयोग का आरोप लगाया। ज्ञापन में बताया गया कि राज्य सरकार द्वारा विभिन्न विकास कार्यों के लिए लाखों रुपए का बजट आवंटित किया गया था, लेकिन मौके पर आज तक कोई काम शुरू नहीं हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि आवंटित राशि का जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों ने कथित तौर पर दुरुपयोग किया है। ग्रामीणों के अनुसार, जाम्बूवेला और भुतिया में सीसी रोड, पुलिया निर्माण, एनिकट गहरीकरण, इंटरलॉक टाइल्स सड़क और वनपथ संधारण सहित कई कार्य स्वीकृत हुए थे। इनमें जाम्बूफला संपर्क मार्ग तक सीसी रोड निर्माण के लिए 8.53 लाख रुपए, पुलिया निर्माण के लिए 4.96 लाख रुपये, केली बावजी परिसर रोड के लिए 5 लाख रुपए, इंटरलॉक टाइल्स सड़क के लिए 6.61 लाख रुपये, तारूभाटड़ा में एनिकट गहरीकरण के लिए 7.53 लाख रुपए, स्कूल के पास पुलिया निर्माण के लिए 4.72 लाख रुपए, एक अन्य निर्माण कार्य के लिए 1.57 लाख रुपए, एनिकट गहरीकरण के लिए 14.25 लाख रुपए, वनपथ संधारण कार्य के लिए 30.78 लाख रुपए और वेला महाराज मोहल्ला में सीसी रोड के लिए 5 लाख रुपए का बजट शामिल है। ग्रामीणों ने मांग की है कि इन सभी कार्यों की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि गांव में जल्द से जल्द विकास कार्य शुरू किए जाएं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जवाबदेही प्रशासन की होगी।


