डीडवाना में जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत के निर्देश पर मौलासर में कृषि भूमि पर हो रहे अवैध निर्माण पर प्रशासन ने कार्रवाई की है। तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवाया और निर्माणाधीन वाणिज्यिक कॉम्प्लेक्स को सीज कर दिया। अतिरिक्त जिला कलेक्टर मोहन लाल खटनावलिया ने बताया कि मौलासर ग्राम के खसरा संख्या 237/2213 (रकबा 0.0564 हेक्टेयर) पर हरीश कुमार पुत्र संतोष कुमार शर्मा, निवासी मौलासर, बिना भूमि रूपांतरण और सक्षम अनुमति के वाणिज्यिक उद्देश्य से निर्माण कर रहा था। इससे पहले 6 सितंबर को भी खातेदार को अवैध निर्माण कार्य न करने के लिए पाबंद किया गया था। हालांकि, इस चेतावनी के बावजूद उन्होंने दोबारा निर्माण कार्य शुरू कर दिया था। जिला कलेक्टर के आदेश पर शुक्रवार को मौलासर तहसीलदार मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल अवैध निर्माण को रुकवाते हुए निर्माणाधीन वाणिज्यिक कॉम्प्लेक्स को सीज करने की कार्रवाई की।


