छात्र संगठन एनएसयूआई ने राजस्थान यूनिवर्सिटी में आरएसएस द्वारा शस्त्र पूजा करने पर श्रीगंगानगर में विरोध-प्रदर्शन किया। छात्रों ने भाजपा सरकार पर शिक्षा के राजनीतिकरण का आरोप लगाया और नारेबाजी करते हुए सीएम भजनलाल शर्मा का पुतला फूंका। छात्रों ने कलेक्ट्रेट के बाहर भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुर्दाबाद के नारे लगाए। एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष ईशानवीर मान ने कहा- भाजपा सरकार तानाशाही रवैये से आरएसएस की नीतियों को छात्रों पर थोप रही है। राजस्थान यूनिवर्सिटी में शस्त्र पूजा का आयोजन निंदनीय है। इसका विरोध करने पर एनएसयूआई के प्रदेशाध्यक्ष विनोद जाखड़ को रात में गिरफ्तार किया गया और छात्रों पर पुलिस ने बल प्रयोग किया। यह सरकार छात्रों की आवाज दबाना चाहती है, जिसे हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार और सीएम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान वृजेन्द्र सिंह, जतिन इन्दौरा, दर्श नारंग, संजय गिरी, मयंक मिड्ढा, गौरव नायक, शिवांशु भादू, हेमंत ढुंढाड़ा, मानव डागला, अमन जस्सल, सौरभ, कुंदन, प्रिंस कम्बोज सहित बड़ी संख्या में एनएसयूआई के कार्यकर्ता मौजूद रहे।


