बीकानेर के मुरलीधर व्यास नगर थाना क्षेत्र में बीती रात चोरी की बड़ी घटना हुई। लाखों रुपए के गहनों के साथ ही नगदी भी चोर साथ ले गए। कुछ ही घंटे में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक युवक को हिरासत में ले लिया। अब उससे सामान बरामद करने की कोशिश हो रही है। गुरुवार देर रात करीब तीन बजे एक युवक ने मुरलीधर व्यास नगर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। रात में घर के सभी लोग अपने ही एक दूसरे घर के मुहूर्त में गए थे। चोरी करने वाले युवक को पता चला कि घर में कोई नहीं है। इस पर वो घर में पहुंच गया। घर के मुहूर्त के कारण पूरे परिवार के लोग आए हुए थे। सभी को सोने-चांदी के गहने और नगदी घर में रखी हुई थी। ऐसे में चोर सारा माल समेट कर निकल गया। मोबाइल में देखा था सीसीटीवी अशोक पुरोहित ने एफआईआर में बताया कि उसके बेटे ने अपने मोबाइल में घर में लगे सीसीटीवी फुटेज देखे थे। तभी घर का मेन गेट खुला पाया गया। इस पर सभी लोग दौड़ते हुए घर आए, जहां सारा सामान बिखरा हुआ था। खासकर, सोने चांदी के जेवरात वाली अलमारी भी खुली थी। सीसीटीवी में दिखाई दिया युवक चोरी का पता चलते ही गली के लोगों ने सीसीटीवी कैमरे चैक किए। जिसमें एक युवक की पहचान हो गई। नयाशहर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस युवक को हिरासत में लिया है। उससे लगातार पूछताछ हो रही है। वहीं सोने चांदी के गहने व नगदी कहां रखी है? इस बारे में भी पता लगाया जा रहा है। करीब एक करोड़ रुपए के जेवरात बेटी और पोती के जेवरात भी इसी में शामिल थे। जिसमें सोने के छह सेट, छह अंगूठियां, छह जोड़ी कान के जेवर, दो बड़े गले के हार, छह छोटे हार, आठ सोने की चूड़ियां थी। बारह जोड़ी कोनों के टॉप्स, तीन सोने की चैन, चार नग सोने के कंगन, सात जोड़ी की बाली, एक सोने की रखड़ी, तीन नाक के सोने की नथ, दस जोड़ी बडी चांदी की पायल, पांच जोड़ी छोटी चांदी की पायल, दो जोड़ी रमजोड, नाक के सोने के 27 तीनखे, आठ नग चांदी की ग्लास, दस चांदी के प्याले, सात लेडीज सोने की अंगूठी, पांच जेंट्स सोने की अंगूठी, सोने के तीन पैडल सेट (तीन कान के, तीन गले के, तीन अंगूठी), छोटी बच्ची के सोने के कानों के नौ टॉप्स, छह चांदी के कंगन, दो सोने के बिस्कुट, तीन चांदी की जेंट्स अंगूठी, पांच चांदी की लेडीज अंगूठी, चार चांदी के लोटे, एक चांदी का जग, एक चांदी का कंदौळा, एक सौ एक चांदी के सिक्के, बीस चांदी के बिस्कुट, पांच चांदी के नोट, तीन सोने के नोट, एक जोड़ी चांदी का अंगूठा, सभी अंगुलियों का भी जोड़ा, तीन सोने के मंगलसूत्र, एक सोने की नगों वाली कोठी, तीन चांदी के फल घुघरा, एक चांदी के गणेश जी, एक चांदी का हाथी छल्ला, दो चांदी के जेंट्स कड़े, सोने के दो पाटला चार चूड़ी, चालीस जोड़ी चांदी बिछिया, सात चांदी की छोटी कटोरी, तीन पुराने मोबाइल फोन और करीब अस्सी हजार रुपए नगद चोरी हुए हैं। नशेड़ी है चोरी का आरोपी नयाशहर थानाधिकारी कविता पूनिया ने बताया कि कैलाश बिश्नोई उम्र 25 साल को हिरासत में लिया गया है। वो नशा करता है और हिरासत के समय भी नशे में था। उससे पूछताछ के बाद ही सामान की बरामदगी हो सकेगी। नशे में होने के कारण अब तक पूछताछ पूरी नहीं हो सकी है।


