उदयपुर की सूरजपोल थाना पुलिस ने शुक्रवार को एक बड़ी साजिश का पर्दाफाश किया। पुलिस ने होटल व्यवसाय से जुड़े दो शातिर लोगों को गिरफ्तार किया है, जो अपने ही पूर्व होटल पार्टनर को सबक सिखाने के लिए उसे NDPS के झूठे मामले में फंसाने की फिराक में थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ड्रग्स (एमडीएम) भी बरामद की है। सूरजपोल थानाधिकारी रतन सिंह चौहान ने बताया कि गश्त के दौरान, माली कॉलोनी के पास मोटरसाइकिल पर जा रहे होटल व्यवसायी नितिन और उसके साथी हितेश को रोका गया। तलाशी में युवकों से 10 ग्राम ड्रग्स (एमडीएम) मिला। इस पर पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। आरोपी नितिन ने 5 महीने पहले जयराम गुर्जर के साथ मिलकर जयपुर और उदयपुर में होटल लीज पर ली थीं, जिसमें दोनों ने बराबर पैसा लगाया था। हालांकि, कुछ समय बाद जयराम ने जयपुर की लीज पर ली गई होटल से नितिन को अलग कर दिया और उसका पैसा भी नहीं लौटाया। इस मामले से नाराज नितिन ने अपने होटल पार्टनर हितेश कुमार के साथ मिलकर जयराम गुर्जर से बदला लेने की योजना बनाई। उन्होंने जयराम को ड्रग्स (एमडीएम) जैसे गंभीर मादक पदार्थ के साथ फंसाकर NDPS के केस में फंसाने का प्लान बनाया। इस साजिश को अंजाम देने के लिए दोनों आरोपी रणकपुर से ड्रग्स (एमडीएम) खरीदकर लाए। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के वक्त ये दोनों होटल पार्टनर जयराम गुर्जर की कार में ड्रग्स (एमडीएम) रखने की फिराक में ही घूम रहे थे, ताकि उसे फंसा सके। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर जांच में जुटी है।


