उदयपुर में तीन दीक्षार्थियों को हल्दी लगाई:भक्ति-भाव के बीच किया अभिनंदन, पांच अक्टूबर को आचार्य पुण्यसागर के पास लेंगे दीक्षा

संसार को छोड़कर आध्यात्म का मार्ग अपना रहे तीन दीक्षार्थियों की आज उदयपुर में हल्दी की रस्म पूरी की गई। इस दौरान गीतों और भजनों के साथ भक्ति भाव के साथ उनका अभिनंदन किया। जब दीक्षार्थी आए तब चुनरी हाथों में लिए उनकी अगवानी की गई। रात को मेहंदी की रस्म पूरी हुई। श्री पाश्र्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर हिरण मगरी सेक्टर 4 में चातुर्मासरत आचार्य पुण्य सागर महाराज ससंघ के सानिध्य में दिगम्बर जैनेश्वरी दीक्षा 5 अक्टूबर को हिरणमगरी सेक्टर 4 विद्या निकेतन स्कूल प्रांगण में होगी। कमेटी के मुख्य संयोजक निर्मल कुमार मालवी ने बताया कि तीनों दीक्षार्थी आदर्श कुमार जैन फरीदाबाद (हरियाणा), अरविंद भाई कोटडिया, मुंबई और देवीलाल चंपालाल भोरावत, मुंबई निवासी ने लौकिक मार्ग छोडक़र आध्यात्मिक मार्ग अपनाने का निश्चय किया है। दीक्षा कार्यक्रम में प्रतिष्ठाचार्य पंडित हंसमुख जैन नंदनवन धरियावद एवं बाल ब्रह्मचारिणी वीणा दीदी बिगुल के निर्देशन मे होगा। पाश्र्वनाथ दिगम्बर जैन मन्दिर सेक्टर 4 एवं वर्षायोग कमेटी अध्यक्ष झमकलाल अखावत एवं महामंत्री सुंदर लाल लुणदिया ने बताया कि दीक्षा कार्यक्रम को लेकर सकल दिगंबर जैन समाज सेक्टर, 3, 4 5 एवं सकल दिगंबर जैन समाज उदयपुर ने टीम को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी है। संयोजक गौरव गनोडिया एवं पारस कुणावत ने बताया कि दीक्षा मंगल कार्यक्रम गत 2 अक्टूबर से ही शुरू हो गए है। आज नागेंद्रा भवन में गणधरवलय विधान दीक्षार्थियों द्वारा किया गया एवं दोपहर 2 बजे दीक्षार्थियों की हल्दी एवं सायंकाल 7 बजे मेहंदी रस्म संपन्न हुई। सकल दिगंबर जैन समाज उदयपुर अध्यक्ष शांतिलाल जैन वेलावत ने बताया की 5 अक्टूबर को जैनेश्वरी दीक्षा महोत्सव सेक्टर 4 स्थित विद्या निकेतन स्कूल में दिन में 1 बजे से शुरू होगा, इससे पूर्व नागेंद्रा भवन मे प्रात:काल 6.30 बजे से पाद प्रक्षालन पूजन एवं महाअर्चना होगी। प्रात: 8 बजे दीक्षार्थियों की अवतरण क्रिया होगी प्रात: 9 बजे मंगल प्रवचन, 9.30 बजे आचार्य की आहार क्रिया, 11 बजे नागेंद्रा भवन से दीक्षा कार्यक्रम स्थल विद्या निकेतन सेक्टर 4 के लिए आचार्य संघ एवं दीक्षार्थी एवं समाज जन भव्य जुलुस के साथ जायेंगे। वेलावत ने बताया कि दोपहर 12 मंगलाचरण दीक्षा कुंभ स्थापना, दीक्षा प्रार्थना, आचार्य द्वारा स्वीकृति प्रदान, केशलौंच, पुण्य सागर महाराज का पाद प्रक्षालन, जिनवाणी भेंट कार्यक्रम होंगे। दोपहर 3 बजे दीक्षा संस्कार प्रारंभ, नव दीक्षार्थियों को पिच्छी, कमंडल, शास्त्र भेंट किए जाएंगे। 4 अक्टूबर को होगी गोद भराई की रस्म 4 अक्टूबर को प्रात: से जम्बूद्वीप विधान होगा एवं प्रात: 11 बजे दीक्षार्थियों द्वारा कर पात्र में आहार ग्रहण की प्रक्रिया होगी, सायंकाल 6 बजे दीक्षार्थियों की भव्य शोभायात्रा एवं गोद भराई का कार्यक्रम होगा। 12 अक्टूबर को होगा तपस्वी साधुवृंदो का महापारणा महोत्सव
आचार्य पुण्य सागर महाराज के संघस्थ मुनि महोत्सव सागर महाराज, मुनि उदित सागर महाराज एवं आर्यिका हर्षितमति की महातपस्या का महापारणा महोत्सव सेक्टर 4 स्थित विद्या निकेतन स्कूल प्रांगण में 12 अक्टूबर को प्रात: 9 बजे से होगा। यहां पर चातुर्मास कर रहे महोत्सव सागर आचार्य पुण्य सागर के सांसारिक ज्येष्ठ भाई है। वे लगातार उपवास कर रहे है। उनके 87 उपवास और 17 पारणा की तपस्या पूर्ण हो रही है।
इसी प्रकार उदित सागर महाराज के 75 उपवास और 25 पारणे की तपस्या पूर्ण हो रही है। इसी प्रकार आर्यिका हर्षितमति माताजी के 60 उपवास और 20 पारणा की तपस्या पूर्ण हो रही है। वर्षा योग कमेटी के प्रवक्ता मुकेश पंड्या ने बताया कि भव्य महातपस्या महापारणा महोत्सव मे करीबन 8000 लोगों के शामिल होने की संभावना है, जिसके लिए 100 गुणा 200 फीट के दो डोम बनाये गए हैं। वर्षायोग कमेटी के सी.पी. भोपावत एवं महावीर लुणदिया ने बताया कि महातपस्या महा पारणा महोत्सव मे बड़ी संख्या में बाहर से श्रद्धालुओं के भाग लेने का सिलसिला शुरू हो गया है जिसमें दिल्ली, फरीदाबाद, मुंबई, गौहाटी, सिलिगुड़ी, कोलकाता, थामला (एमपी), धरियावद, पारसोला, घाटोल सहित कई स्थानों से श्रद्धालु पहुंच रहे है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *