राजसमंद में पिछले दो दिनों से बादलों की लुका-छुपी के बाद विदा होते मानसून ने शुक्रवार दोपहर को एक बार फिर से सड़कों पर पानी बहाया। सुबह से आसमान में बादल छाए हुए थे, वहीं दोपहर करीब 3.30 बजे अचानक बारिश शुरू हो गई। शुरुआती दौर में तेज बरसात हुई, फिर रिमझिम बारिश का दौर चला। अचानक हुई बारिश से जनजीवन प्रभावित रहा। पैदल राहगीर और बाइक सवार लोग बारिश से बचाव करते दिखे, वहीं सड़कों पर पानी बहने से आवाजाही पर असर पड़ा। बारिश के बाद मौसम में ठंडक का असर महसूस हुआ। कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार- सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक जिले में सर्वाधिक 4 मिमी बारिश राजसमंद में और 3 मिमी बारिश भीम में दर्ज की गई। इसके अलावा सभी स्थानों पर मौसम शुष्क रहा। हालांकि इस बारिश का असर नदी-नालों और झील की आवक पर नहीं पड़ा। राजसमंद झील में पानी की आपूर्ति के दोनों स्रोतों में से खारी फीडर 1 अक्टूबर से बंद हो चुका है, जबकि गोमती नदी में पानी की आवक पहले से ही बहुत कम है। अब झील में पानी की आवक बहुत कम हो गई है जिससे ओवर फ्लो गेज भी कम होकर 2 इंच पर आ गया।


