भास्कर न्यूज|बालोद मनी ट्रांसफर एप में एक रुपए डलवाकर लिंक भेजकर शहर के मरारपारा निवासी व्यापारी विशाल माधवानी से 1 लाख 18 हजार रुपए साइबर ठगी का मामला सामने आया है। इस मामले में बालोद थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार विशाल माधवानी ने जानकारी दी है कि 13 सितंबर को शाम 7.30 बजे जूता चप्पल दुकान में बैठकर डॉक्टर प्रमोद गुप्ता का मोबाइल नंबर सर्च कर रहा था। इस दौरान अज्ञात व्यक्ति ने कॉल करके मुझे डॉक्टर के अपॉइंटमेंट के लिए अपने नंबर से लिंक भेजा। जिसमें परमिशन का विकल्प आने पर सबमिट करता रहा। कुछ देर बाद पैसा ट्रांसफर एप में एक रुपए डालने का विकल्प आया फिर मोबाइल नंबर से लिंक बैंक अकाउंट से एक रुपए डाला। जो अज्ञात व्यक्ति के बैंक अकाउंट में नहीं गया। जिसके बाद दोबारा प्रोसेस किया। यह होने के बाद अज्ञात व्यक्ति से जगह को लेकर बातचीत हुई। यह सब होने के बाद 21 सितंबर को बैंक खाता से तीन बार मंे क्रमश: 90 हजार, 9 हजार एवं 19 हजार कुल एक लाख 18 हजार रुपए ट्रांजेक्शन हो गया। इस तरह कई प्रोसेस कराकर अज्ञात आरोपी ने धोखाधड़ी कर ठगी की वारदात को अंजाम दिया है।


