बालोद| ग्राम घीना में माता दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। नौ दिनों तक चले भक्ति, सेवा और आराधना के पर्व के समापन पर गांववासियों ने नम आंखों से मां दुर्गा को विदाई दी। सुबह से ही पूरे गांव में भक्ति का माहौल बना रहा। सभी गलियों में माता रानी की शोभायात्रा निकाली गई। शीतला सेवा भजन मंडली ने पूरे आयोजन में भक्ति संगीत और कीर्तन के माध्यम से माहौल को भक्तिमय बनाए रखा। ढोल, मंजीरे और भजनों की मधुर धुनों पर भक्त झूमते रहे। नव जागृति दुर्गा उत्सव समिति के अध्यक्ष बसंत सेन ने बताया कि शोभायात्रा के उपरांत तालाब में विधिपूर्वक माता रानी का विसर्जन किया गया।


