पंजाब के अमृतसर में देर रात एक ट्राले ने तीन लोगों को कुचल दिया। अजनाला रोड बाईपास पर हुआ हादसा इतना भयानक था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। देर रात पुलिस ने मौके पर पहुंच शवों को कब्जे में लिया और उन्हें पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। जबकि पुलिस ने आरोपी ट्राला चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। मौके पर पहुंचे जांच अधिकारी ने बताया कि ये 18 टायरों वाला ट्राला था, जो माहला की तरफ से अजनाला की तरफ जा रहा था। इस पर लोहे के गार्डर लदे हुए थे। मोटरसाइकिल चालक ट्राले के पीछे-पीछे चल रहे थे। अचानक ही ये ट्राला बैक मार गया और पीछे आ रहे मोटरसाइकिल सवार इसकी गिरफ्त में आ गए। तीनों ही ट्राले के टायर के नीचे आकर कुचले गए और उनकी मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद मृतकों के जानकार पहुंचे हैं, जिनसे इनकी जानकारी हासिल की जा रही है। मेयर बोले- मदद के लिए रुका, लेकिन हो चुकी थी मौत घटना को देख रुके अमृतसर के मेयर मोती भाटिया ने बताया कि वे यहां से गुजर रहे थे। एक्सीडेंट देख उन्होंने अपना काफिला रोक दिया कि अगर कोई घायल है तो उसे अस्पताल पहुंचाया जाए। लेकिन तीनों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है। मरने वालों में पता चला है कि दो दोस्त और उनमें से एक की मां भी है। जांच के बाद होगी कार्रवाई कंटोनमेंट थाने की पुलिस ने घटना के बाद कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है। अधिकारी जतिंदर सिंह का कहना है कि फिलहाल शवों को संभाला जा रहा है। उनके कुछ जानकार पहुंचे हैं, उनसे आरोपियों की डिटेल्स अभी ली जानी है। वहीं, पूरी कार्रवाई के बाद आरोपी से पूछताछ की जाएगी। जांच में जिसकी भी गलती हुई, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।


