भास्कर न्यूज | डौंडी नगर में बीते दस दिनों तक चले नवरात्र पर्व पर भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। नगर की विभिन्न दुर्गा उत्सव समितियों द्वारा स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन कार्यक्रम गुरुवार को राजा तालाब में संपन्न हुआ। गुरुवार को स्थानीय बस स्टैंड में स्थापित बजरंग दुर्गोत्सव समिति की मां दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन भक्ति संगीत, महिला मंडली के सेवा गीतों और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान बस्तरिया कलाकारों द्वारा मांदर की थाप पर पारंपरिक नृत्य ने वातावरण को उल्लासमय बना दिया। श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था। समिति सदस्यों में प्रमुख रूप से मनीष झा, लालचंद जैन, राजेंद्र नाहर, नरेंद्र जयसवाल, रुपू जैन, मोनू जायसवाल, गिरधारी सोनी, अशोक जैन सहित सैकड़ों श्रद्धालु विसर्जन यात्रा में सम्मिलित हुए। कलाकारों ने विभिन्न करतब, झांकी दिखाए: बुधवार की रात्रि लगभग दो बजे नगर की नवजागरण दुर्गा उत्सव समिति की ओर से भी मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इस अवसर पर अघौरी कलाकारों ने विभिन्न करतब, झांकी और तांत्रिक शैली के प्रदर्शन कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विसर्जन से पूर्व धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला में नव कन्या भोज, विशाल भंडारा, जसगीत एवं जगराता जैसे आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। आनंद बाघमार परिवार द्वारा श्रद्धालुओं के लिए मीठा ठंडा शरबत वितरित किया गया।


