भास्कर न्यूज | बालोद ग्राम मालीघोरी में गुरुवार देर रात अवैध शराब बिक्री करने वाले आरोपियों व ग्रामीणों के बीच बड़ा विवाद हो गया। इसके बाद जिले के अतिरिक्त पुलिस बल को गांव भेजना पड़ा व किसी तरीके से अधिकारियों ने मामला शांत करवाया। ग्रामीणों की शिकायत के बाद पुलिस ने अवैध शराब का कारोबार करने वाले आरोपियों पर कार्रवाई की है। अवैध शराब बिक्री के मामले में एक नाबालिग सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 498 पाव देशी प्लेन शराब (कुल मात्रा 89.460 बल्क लीटर) जिसकी कीमत लगभग 39,760 रुपये है, बरामद की। साथ ही शराब परिवहन में प्रयुक्त कार (क्रमांक सीजी 07-0709) और स्कूटी (क्रमांक सीजी 05 एसी 9017) तथा बिक्री रकम 2,150 रुपये भी जब्त की गई। जब्त सामग्री और वाहन की कुल कीमत 1,11,910 रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। मामले का ऐसे हुआ खुलासा: 2 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि त्रिलोक गौतम निवासी मालीघोरी गांधी जयंती के शुष्क दिवस और दशहरे के अवसर पर अवैध शराब बिक्री कर रहा है। सूचना पर दबिश देकर गौतम के घर से चार प्लास्टिक थैलों में भरी 498 पौवा देशी शराब बरामद की गई। मौके पर त्रिलोक गौतम और उसके पुत्र खिलेश गौतम को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे संतोष टंडन, कालू उर्फ राहुल अग्रवाल और एक नाबालिग के साथ मिलकर जंगल में शराब की बिक्री कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों से शराब बिक्री के लिए इस्तेमाल की जा रही कार और स्कूटी जब्त की। आरोपी गिरफ्तार: सभी आरोपियों पर थाना बालोद में अपराध क्रमांक 415/2025 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर 3 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। गिरफ्तार आरोपियों में त्रिलोक गौतम, खिलेश गौतम, कालू राम उर्फ राहुल अग्रवाल, संतोष कुमार टंडन, व एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है।


