कांग्रेस जिलाध्यक्ष चुनाव, आब्जर्वर फलोदी पहुंचे, आवेदन शुरू:संगठन सृजन अभियान के तहत 50 जिलों में होगी नियुक्ति, आवेदन आज से शुरू

राजस्थान में कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान आज से शुरू हो गया है। इसके तहत प्रदेश के 50 जिलों में जिलाध्यक्षों का चुनाव किया जाएगा। नवगठित फलोदी जिले में पहली बार कांग्रेस जिलाध्यक्ष की नियुक्ति की जाएगी। इससे पहले फलोदी जिला कांग्रेस कमेटी जोधपुर देहात के अधीन थी, जहां केवल ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त होते थे। दो साल पहले फलोदी के जिला बनने के बाद से ही कांग्रेस संगठन में जिलाध्यक्ष की नियुक्ति की मांग की जा रही थी। चुनाव का लिए आब्जर्वर नियुक्त अभियान के लिए कांग्रेस पार्टी ने आब्जर्वर नियुक्त किए हैं, जो आज फलोदी पहुंचे। इनमें हरियाणा के झज्जर से विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री गीता भूकर मुख्य आब्जर्वर हैं। उनके साथ विधायक शिखा मील, रणवीर सिंह और पीसीसी महासचिव अनिल चौधरी भी फलोदी पहुंचे हैं। इन आब्जर्वरों को फलोदी और पाली जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मुख्य आब्जर्वर गीता भूकर ने बताया कि राजस्थान के 50 जिलाध्यक्षों के चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। आब्जर्वर पार्टी कार्यकर्ताओं, एनजीओ और सिविल सोसाइटी के सदस्यों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर राय लेंगे। जिलाध्यक्ष पद के लिए तीन पेज का आवेदन पत्र तैयार किया गया है, जिसमें विभिन्न जानकारियां मांगी गई हैं। आब्जर्वर फलोदी जिले के सभी चारों ब्लॉक का दौरा करेंगे, जिसके बाद वे पाली जाएंगे। जिलाध्यक्ष पद के लिए योग्यता मानदंड भी निर्धारित किए गए हैं। उम्मीदवार की पार्टी के प्रति निष्ठा होनी चाहिए और उसने पार्टी के प्रचार-प्रसार में योगदान दिया हो। यह आवश्यक नहीं है कि उम्मीदवार ने पहले किसी संगठनात्मक पद पर काम किया हो, लेकिन पार्टी के लिए काम करने का अनुभव अनिवार्य है। गीता भूकर ने बताया कि 20 नवंबर तक यह प्रक्रिया चलेगी और कोई भी तब तक आवेदन कर सकता है। आज से आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस दौरान जिलाध्यक्ष पद की दावेदारी रखने वाले कांग्रेस के अनेक नेता आब्जर्वरों से मिलने के लिए रेस्ट हाउस पहुंचे। उनके समर्थक भी काफी संख्या में मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *