केन्द्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू आज (4 अक्टूबर) लुधियाना पहुंचे। यहां उन्होंने साउथ सिटी में बन रहे पुलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से बातचीत भी की। उम्मीद है कि अब जल्द ही पुलों को शुरू करवा दिया जाएगा। यहां बता दें कि साउथ सिटी के लोगों के लिए ये बड़ी खुशखबरी है कि सिधवां नहर पर बन रहे चार पुलों में से 2 पुल इस महीने के आखिर तक बनकर तैयार हो जाएंगे। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के अधिकारियों के अनुसार, एक पुल कुछ ही दिनों तक और दूसरा उसके 15 दिन बाद चालू हो जाएगा। बाकी 2 पुलों को बनने में दो महीने और लगेंगे। 5 लाख की आबादी को होगा लाभ इन पुलों के बनने से साउथ सिटी और आसपास के इलाकों में रहने वाले करीब 5 लाख लोगों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी। खासकर वीकेंड पर लगने वाले जाम से लोगों को काफी परेशानी होती थी, लेकिन अब उन्हें शहर में आने-जाने के लिए लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। 95% काम पूरा, प्री फैब्रिकेटेड स्ट्रक्चर लगे
NHAI के एक अधिकारी ने बताया कि पहले दो पुलों का लगभग 95% काम पूरा हो चुका है। प्री फैब्रिकेटेड स्ट्रक्चर लगाए जा चुके हैं और सीमेंट का काम आखरी पड़ाव में है। एक पुल पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी (PAU) के गेट नंबर 8 से 1.5 किलोमीटर दूर है, जबकि दूसरा हाइड्रल प्रोजेक्ट से 2.5 किलोमीटर दूर है। साउथ सिटी के पास पुल पर काम जारी
अधिकारी ने आगे बताया कि साउथ सिटी के पास वाले पुल पर प्री फैब्रिकेटेड स्ट्रक्चर लगाया जा रहा है और 3.3 किलोमीटर वाले पुल पर भी जल्द ही काम शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इन 2 पुलों के चालू होने के बाद इलाके में ट्रैफिक जाम काफी कम हो जाएगा। लोगों ने जताई खुशी, बाकी पुलों को जल्द बनाने की मांग
इस खबर से साउथ सिटी के लोगों में खुशी की लहर है। प्रियंका शर्मा नाम की महिला ने कहा कि अगर दो पुल भी चालू हो जाते हैं तो यह बड़ी राहत होगी। वीकेंड पर मुझे अक्सर शहर पहुंचने के लिए लाडोवाल बाईपास से तीन किलोमीटर एक्स्ट्रा ड्राइव करना पड़ता है, क्योंकि साउथ सिटी पुल पर भारी ट्रैफिक होता है। 16.64 करोड़ रुपए की लागत
NHAI के अनुसार, सिधवां नहर पर चार पुलों को दिसंबर 2023 में 16.64 करोड़ रुपए की लागत से बनाने की मंजूरी दी गई थी। पुलों के बेस बनाने के लिए सड़क निर्माण एजेंसी को सिधवां नहर में पानी बंद होने का इंतजार करना पड़ा, जिसकी वजह से प्रोजेक्ट में देरी हुई। प्रत्येक पुल की लंबाई लगभग 36 मीटर और चौड़ाई लगभग 11 मीटर होगी।


