अमृतसर में समाजसेवा और सहयोग की मिसाल पेश करते हुए फिक्की फ्लो संस्था ने अमृतसर में “फ्लो बाजार” का आयोजन किया। इस बाजार जो भी कमाई होगी उसे पंजाब बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए प्रयोग किया जाएगा। वहीं इसके बाद बाढ़ प्रभावितों के लिए राहत सामग्री के साथ साथ उन्हें एक ऐसा प्लेटफॉर्म भी दिया जाएगा जिससे वो अपने व्यवसाय को बढ़ा सके। इस अवसर पर संस्था की नेशनल प्रेसिडेंट पूनम शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलित कर की गई, जिसमें फ्लो अमृतसर की चेयरपर्सन मोना सिंह, डॉ. सरिता नगर और अन्य सदस्याओं ने हिस्सा लिया। पंजाबी संस्कृति की झलक दिखी फ्लो बाजार के मंच पर पंजाबी संस्कृति की झलक बिखेरती गिद्दा और वीरता का प्रतीक गतका प्रस्तुतियां कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बनीं। बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने न केवल इन प्रस्तुतियों का आनंद लिया, बल्कि संस्था के इस नेक प्रयास की सराहना भी की। नेशनल प्रेसिडेंट पूनम शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद करना संस्था का एक पवित्र संकल्प है। उन्होंने कहा कि इस बाजार का आयोजन केवल आर्थिक सहयोग जुटाने के लिए नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने और पीड़ित परिवारों तक हर संभव मदद पहुंचाने का भी प्रयास है। पूनम शर्मा ने बताया कि संस्था लगातार सामाजिक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाती रही है और यह आयोजन उसी दिशा में एक कदम है। बाढ़ प्रभावितों को बनाया जाएगा आत्मनिर्भर : मोना सिंह चेयरपर्सन मोना सिंह ने बताया कि संस्था ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में उन परिवारों की पहचान की है, जिनके मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं। अब तक दो मकानों की मरम्मत का काम पूरा किया जा चुका है और धीरे-धीरे अन्य मकानों की मरम्मत भी की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जिन परिवारों को घरेलू सामान और खाद्य सामग्री की आवश्यकता है, उन्हें भी निकट भविष्य में सहायता प्रदान की जाएगी। फ्लो बाजार से जो भी राशि एकत्रित होगी, वह पूरी तरह बाढ़ पीड़ित परिवारों की मदद में खर्च की जाएगी। संस्था का मकसद केवल आर्थिक राहत तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रभावित परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कदम बढ़ाना भी है।


