पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर 7 अक्टूबर तक चल रहे ‘ऑपरेशन जागृति चरण-04’ के तहत शनिवार को प्रतापगढ़ के बालिका उच्च माध्यमिक स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बलवीर सिंह, कालिका यूनिट के सदस्य, स्कूल के प्रधानाचार्य, शिक्षक और छात्राएं उपस्थित रहीं। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने छात्राओं को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम, 2012 की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बालिकाओं से कहा कि किसी भी अप्रिय या असुरक्षित स्थिति में वे बिना किसी डर के पुलिस या महिला हेल्पलाइन 1098, 1091 पर तुरंत संपर्क करें। इस अभियान के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में स्थित स्कूलों में भी थानाधिकारियों द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं को पोक्सो कानून, साइबर अपराध, आत्मरक्षा के उपाय और सुरक्षित व्यवहार के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ‘ऑपरेशन जागृति’ का मुख्य उद्देश्य बच्चों को यौन शोषण से बचाना, उनके अधिकारों की रक्षा करना और समाज में कानूनी जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने जोर दिया कि पुलिस केवल कानून लागू करने वाली संस्था नहीं, बल्कि जनसुरक्षा की संवाहक है, जो हर बच्चे और महिला की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। प्रतापगढ़ पुलिस द्वारा चलाया जा रहा ये अभियान बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ समाज में सुरक्षा, सम्मान और समानता की भावना को भी सशक्त कर रहा है।


