धौलपुर जिले के रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर शनिवार को चलती ट्रेन से गिरकर एक युवक मौत हो गई। सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया, जहां पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। मृतक की पहचान कुर्रेदा गांव निवासी गौरव (18) पुत्र रामनिवास के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि गौरव दिल्ली में मजदूरी करता था और शनिवार को अपने घर लौट रहा था। धौलपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के प्लेटफॉर्म नंबर पांच पर पहुंचने के दौरान गौरव का संतुलन बिगड़ गया। संतुलन बिगड़ने से गौरव ट्रेन से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही जीआरपी टीम ने शव को कब्जे में लिया और परिजनों को सूचना देकर अस्पताल बुलाया। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


