खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित सांसद खेल महोत्सव में अब तक एक लाख से अधिक खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है। यह महोत्सव बैतूल-हरदा-हरसूद संसदीय क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। महोत्सव का विधिवत उद्घाटन सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उईके द्वारा 8 अक्टूबर को स्थानीय पुलिस ग्राउंड, बैतूल से किया जाएगा। इस आयोजन में 18 खेलों का ‘महा कुंभ’ होगा, जो पूरे संसदीय क्षेत्र में विभिन्न पंचायतों के क्लस्टर स्तर तक चलेगा। आयोजन समिति ने सूचित किया है कि जिन खिलाड़ियों ने अभी तक पंजीयन नहीं कराया है, वे इसे शीघ्र सुनिश्चित कर लें, क्योंकि बिना पंजीयन प्रतियोगिता में भाग नहीं लिया जा सकेगा। प्रतियोगिताओं से जुड़ी विस्तृत जानकारी ‘सांसद खेल महोत्सव’ पोर्टल पर उपलब्ध है। प्रतिभागी कंट्रोल रूम, सांसद कार्यालय, सदर बैतूल से भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। ओपन कैटेगरी में कोई भी खिलाड़ी भाग ले सकता है।


