डिंडौरी जिले के ग्राम पंचायत पलकी में आयोजित ग्राम सभा के दौरान पंचायत सचिव से मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना के विरोध में सचिव संघ ने तहसीलदार आरपी मार्को को ज्ञापन सौंपकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सचिव संघ अध्यक्ष राजेश मसराम ने बताया कि यह घटना 3 अक्टूबर 2025 को दोपहर करीब 1:30 बजे हुई। पंचायत सचिव नारायण प्रसाद बर्मन ग्राम सभा के लिए एजेंडा वाचन की तैयारी कर रहे थे, तभी दुर्गेश ठाकुर नामक युवक कार्यालय में घुस आया और एजेंडा दिखाने की मांग करने लगा। गला दबाने की कोशिश सचिव द्वारा नियमानुसार एजेंडा प्रस्तुत करने पर दुर्गेश ठाकुर भड़क गया। उसने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए सचिव का कॉलर पकड़ा और मारपीट शुरू कर दी। सचिव नारायण बर्मन के अनुसार, दुर्गेश ठाकुर ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और गला दबाने की भी कोशिश की, जिससे पंचायत कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। सचिव संघ का आरोप है कि आरोपी दुर्गेश ठाकुर की गुंडागर्दी की प्रवृत्ति है और वह पहले भी ऐसी घटनाओं में शामिल रहा है। संघ ने बताया कि 12 दिसंबर 2024 को भी उसने सचिव के साथ गाली-गलौच की थी, जिससे ग्राम पंचायत कर्मचारी भयभीत हैं। सुरक्षित रूप से काम करने में असमर्थ इस घटना की सूचना तत्काल शाहपुर पुलिस थाने में दी गई और प्राथमिकी दर्ज कराई गई। सचिव संघ का आरोप है कि पुलिस की ढिलाई के कारण आरोपी का हौसला बढ़ा है। सचिवों ने कहा कि वे अब अपने शासकीय कार्यों को स्वतंत्र और सुरक्षित रूप से करने में असमर्थ महसूस कर रहे हैं। संघ करेंगे हड़ताल संघ ने जिला प्रशासन से आरोपी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई, तो वे सामूहिक हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य होंगे। सचिव संघ ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार नहीं किया गया तो पूरे जनपद पंचायत डिंडौरी में सचिव वर्ग सामूहिक रूप से काम बंद आंदोलन शुरू करेगा।


