नर्मदापुरम के माखननगर रोड स्थित एक निर्माणाधीन अस्पताल की बिल्डिंग में गिरने से आई चोटों से मजदूर की मौत मामले में एफआईआर दर्ज हुई। देहात थाना पुलिस ने अस्पताल की बिल्डिंग काम कर रहे ठेकेदार के खिलाफ लापरवाही और सुरक्षा के इंतजाम नहीं बरतने के चलते केस दर्ज किया। घटना दो महीने पुरानी है। मर्ग की जांच के बाद पुलिस ने ठेकेदार अयाज अली निवासी बड़ी बजरिया नर्मदापुरम के खिलाफ केस दर्ज किया। पुलिस के मुताबिक माखननगर रोड पर हाइवे किनारे डॉक्टर आरके श्रीवास्तव की बिल्डिंग का निर्माण हो रहा है। 29 जुलाई की शाम 4 बजे निर्माणाधीन बिल्डिंग में जुड़ाई के दौरान 4 फिट ऊंची निर्माणाधीन दीवार से मजदूर गिर गया। उसे सिर में चोट आई थी। जिसे जयश्री अस्पताल नर्मदापुरम में ले जाया गया था। भोपाल रेफर करने बाद 3 अगस्त की सुबह सुबह 7.53 बजे मृत्यू हो गई है, जिसका मर्ग भोपाल में कायम हुआ। मर्ग जांच दौरान मृतक के परिजन पिता हरि कहार, मां सुशीला कहार, पत्नी फूलवती कहार, भाई सुखराम कहार, ठेकेदार अयाज अली, साक्षी बब्लू भारती, संजू सिंह राजपूत, नव निर्मित बिल्डिंग के मालिक आरके श्रीवास्तव के बयान लिए। देहात थाना प्रभारी सौरभ पांडे ने बताया जांच में मौका स्थल के निरीक्षण में नव निर्मित बिल्डिंग में कार्य कर रहे श्रमिक मिस्त्री गुड्डू कहार को सुरक्षा संसाधन व उपकरण की व्यवस्था मौके नहीं दी गई थी। ठेकेदार अयाज अली निवासी नर्मदापुरम द्वारा बिना सुरक्षा उपकरणों के ही काम कराया जा रहा था। जिसके चलते ठेकेदार के खिलाफ केस दर्ज किया।


