झाबुआ के पेटलावद में भावांतर योजना जागरूकता रैली निकाली:एसडीएम तनुश्री मीणा ने वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

पेटलावद में शनिवार को भावांतर योजना के प्रचार-प्रसार और किसानों के अधिक से अधिक पंजीयन के लिए एक वाहन रैली का आयोजन किया गया। कृषि उपज मंडी और कृषि विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने क्षेत्र के उन्नतशील किसानों के साथ मिलकर यह रैली निकाली। एसडीएम तनुश्री मीणा और जनपद अध्यक्ष रमेश सोलंकी ने इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कृषि उपज मंडी के सचिव गणपतलाल माली ने बताया कि इस रैली का उद्देश्य किसानों को योजना का अधिकतम लाभ दिलाना है। प्रचार-प्रसार के लिए यह वाहन ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण करेगा और किसानों को योजना में पंजीयन के लिए जागरूक करेगा। वाहन रैली में तहसीलदार अनिल बघेल, कृषि विभाग के मेहताब सिंह मुवेल और कृषि उपज मंडी के भीमसिंह वसुनिया, लेखापाल अमरसिंह गामड़, प्रेम सिंह अमलियार, रूपसिंह डामोर, प्रेमलता बामनिया, निखत पठान, प्रकाश डामोर, राजू रावत, भरत मुनिया, राजेश मेड़ा सहित बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। 17 तक होगा पंजीयन भावांतर योजना के अंतर्गत ई-उपार्जन पोर्टल पर पंजीयन 3 अक्टूबर से शुरू हो गया है, जो 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस योजना में सोयाबीन विक्रय की अवधि 24 अक्टूबर से 15 जनवरी 2026 तक निर्धारित की गई है।किसानों की सुविधा के लिए 3 अक्टूबर से हेल्प डेस्क भी शुरू कर दी गई है। पेटलावद की कृषि उपज मंडी में बनाए गए इस सहायता केंद्र का प्रभारी सुनील रावत को बनाया गया है। यहां किसान किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर अपनी समस्या का समाधान करवा सकते हैं।योजना के तहत पंजीयन ग्राम पंचायतों, जनपद पंचायतों और सहकारी समितियों में निःशुल्क होगा। वहीं, एमपी ऑनलाइन और लोक सेवा केंद्रों पर पंजीयन के लिए शुल्क देना होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *