​​​​​​​फिरोज खान ने बहन के प्रेमी संग की थी चोरी:हार्डवेयर की दुकान से उड़ाया था माल, यूपी से पकड़कर ले लाई नीमच पुलिस

नीमच पुलिस ने शहर के केंट थाना क्षेत्र में हुई एक चोरी का खुलासा करते हुए तीन सदस्यीय अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना फिरोज आलम, उसकी बहन के बॉयफ्रेंड दीपक सोनी और साथी अशरफ अंसारी को महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी की गई 10,000 रुपए की नगदी और वारदात में इस्तेमाल की गई रेनॉल्ट क्विड कार (RJ 14 VC 3746) भी जब्त कर ली है। मुख्य आरोपी फिरोज आलम उत्तर प्रदेश के उन्नाव का निवासी है। उसकी बहन की पहचान फेसबुक के माध्यम से राजस्थान के सुवासरा निवासी दीपक सोनी से हुई थी। इसी दौरान दीपक और फिरोज भी एक-दूसरे के संपर्क में आए। दोनों की समान सोच के कारण उन्होंने मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने की योजना बनाई, जिसमें बाद में मुंबई निवासी अशरफ अंसारी भी शामिल हो गया। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने बताया कि 25 सितंबर की सुबह फरियादी नदीम खान ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी “चौपदार पेंट्स एंड हार्डवेयर” दुकान से नगदी और रकम से भरे डिब्बे चोरी हो गए थे। पुलिस ने अपराध क्रमांक 490/2025 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।जांच के दौरान, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और साइबर सेल की तकनीकी सहायता का उपयोग किया। फुटेज में आरोपियों की पहचान एक ब्रॉन्ज कलर की क्विड कार से हुई। इसके बाद पुलिस ने 300 किलोमीटर के दायरे में टोल प्लाजा और अन्य कैमरों का विश्लेषण किया, जिससे तीनों आरोपियों को अलग-अलग राज्यों से गिरफ्तार करने में सफलता मिली।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *